
Yes Bank News: प्राइवेट सेक्टर के दिग्गज लेंडर यस बैंक के अगले एमडी और सीईओ यानी सीएमडी विनय मुरलीधर टोंसे (Vinay Muralidhar Tonse) बनेंगे। उनके नाम पर केंद्रीय बैंक RBI की मंजूरी मिल गई है। इसका असर आज बैंक के शेयरों पर भी दिखा और यह शुरुआती बिकवाली के माहौल में भी उछल पड़ा। सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) में शुरुआती उठा-पटक दिखी लेकिन यस बैंक के शेयर और मजबूत होते चले गए। फिलहाल बीएसई पर यह 1.27% की बढ़त के साथ ₹21.50 (Yes Bank Share Price) पर है। बैंक ने 3 फरवरी को एक्सचेंज फाइलिंग में दी गई जानकारी में कहा कि अभी उनके नाम पर शेयरहोल्डर्स की मंजूरी लेनी बाकी है।
कब खत्म होगा Yes Bank के मौजूदा सीएमडी का कार्यकाल?
यस बैंक के अगले सीएमडी विनय मुरलीधर टोंसे का कार्यकाल तीन वर्षों का होगा। हालांकि उनका कार्यकाल शुरू कब से होगा, इसका खुलासा बैंक ने अभी किया नहीं है। वियन इससे पहले 30 नवंबर 2025 तक एसबीआई में एमडी (रिटेल बिजनेस एंड ऑपरेशंस) के तौर पर काम कर चुके थे। अब बैंक के मौजूदा एमडी और सीईओ प्रशांत कुमार की बात करें तो उनका छह महीने का बढ़ा हुआ कार्यकाल अप्रैल महीने में खत्म होने वाला है।
कैसी है यस बैंक की कारोबारी सेहत?
यस बैंक ने पिछले महीने दिसंबर 2025 तिमाही के कारोबारी नतीजे पेश किए थे। चालू वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में बैंक का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 55.4% बढ़कर ₹951.6 करोड़ और ब्याज से शुद्ध कमाई 11% उछलकर ₹2,465.6 करोड़ पर पहुंच गई। बैंक के एसेट क्वालिटी की बात करें तो तिमाही आधार पर बैंक का ग्रास एनपीए 1.6% से सुधरकर 1.5% पर आ गया लेकिन नेट एनएपी 0.3% पर स्थिर बना रहा।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
यस बैंक के शेयर पिछले साल 12 मार्च 2025 को ₹16.02 पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से यह सात ही महीने में 51.68% उछलकर 10 अक्टूबर 2025 को ₹24.30 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। अब आगे की बात करें तो इंडमनी पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक इसे कवर करने वाले 11 एनालिस्ट्स में से 1 ने इसे खरीदारी, 2 ने होल्ड और 8 ने सेल रेटिंग दी है। इसका हाइएस्ट टारगेट प्राइस ₹28 और लोएस्ट टारगेट प्राइस ₹17 है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।