
यशतेज इंडस्ट्रीज (इंडिया) के शेयरों की 25 फरवरी को BSE SME पर शुरुआत निराश करने वाली रही। शेयर 20 प्रतिशत घाटे के साथ 88 रुपये पर लिस्ट हुआ। तुरंत ही इसमें और 5 प्रतिशत की गिरावट आई और 83.60 रुपये पर लोअर सर्किट लग गया। IPO प्राइस 110 रुपये प्रति शेयर था।
कंपनी का 88.88 करोड़ रुपये का IPO 18 फरवरी को खुला था और 20 फरवरी को बंद हुआ। इसे कुल 1.37 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 0.39 गुना और रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 2.35 गुना भरा।
क्या करती है यशतेज इंडस्ट्रीज
साल 2018 में इनकॉरपोरेट हुई यशतेज इंडस्ट्रीज सोयाबीन से सॉल्वेंट एक्सट्रैक्शन प्रोसेस के जरिए सोयाबीन क्रूड ऑयल बनाने/प्रोसेस करने के बिजनेस में है। यह सोयाबीन डी-ऑयल्ड केक भी बनाती है। कंपनी बिजनेस टू बिजनेस (B2B) सेगमेंट में है, यानि कि सोयाबीन क्रूड ऑयल को रिफाइनिंग का काम करने वाले कस्टमर्स को सप्लाई किया जाता है। कंपनी ने सोलर पावर जनरेशन में भी कदम रखा है।
IPO के पैसों का कैसे होगा इस्तेमाल
IPO में नए शेयरों को जारी कर हासिल होने वाले पैसों का इस्तेमाल कैपिटल एक्सपेंडिचर जरूरतों को पूरा करने के लिए, वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। अप्रैल-सितंबर 2025 के दौरान यशतेज इंडस्ट्रीज की कुल इनकम 191.22 करोड़ रुपये रही। शुद्ध मुनाफा 7.25 करोड़ रुपये रहा। इस बीच कंपनी पर 37.47 करोड़ रुपये की उधारी थी। वित्त वर्ष 2025 के दौरान कंपनी की कुल इनकम 324.96 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 11.57 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।