Workmates IPO Listing: 90% प्रीमियम पर लिस्ट ₹204 का शेयर, पहले ही दिन 98% रिटर्न – workmates core2cloud ipo listing shares debut at 90 percent premium workmates share price jumps further



Workmates Core2Cloud IPO Listing: इनोवेटिव क्लाउड सॉल्यूशंस मुहैया कराने वाली वर्कमेट्स कोर2क्लाउड के शेयरों की आज BSE SME पर धांसू एंट्री हुई। इसके आईपीओ को भी निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और ओवरऑल इसे 141 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹204 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी ₹387.60 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 90% का लिस्टिंग गेन (Workmates Core2Cloud Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर यह ₹405.00 (Workmates Core2Cloud Share Price) पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 98.53% मुनाफे में हैं।

Workmates Core2Cloud IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च

वर्कमेट्स का ₹69.84 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 11-13 नवंबर तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 141.38 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 147.03 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 202.96 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 111.64 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹59.34 करोड़ के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा ₹10 की फेस वैल्यू वाले 5,14,800 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिके हैं। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹8.60 करोड़ कर्ज हल्का करने, ₹29.20 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।

Workmates Core2Cloud के बारे मेंट

वर्ष 2008 में बनी कोलकाता की वर्कमेट्स कोर2क्लाउड एक एडब्ल्यूएस प्रीमियर कंसल्टिंग पार्टनर है जो इनोवेटिव क्लाउड सॉल्यूशंस मुहैया कराती है। अब तक इसने अलग-अलग इंडस्ट्रीज के 200 से अधिक क्लाइंट्स के 350 से ऊपर प्रोजेक्ट पूरे किए हैं। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹1.86 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹5.35 करोड़ और वित्त वर्ष 2025 में ₹13.93 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम सालाना 92% से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹108.39 करोड़ पर पहुंच गई। चालू वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो अप्रैल-अगस्त 2025 में कंपनी को ₹7.22 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹59.55 करोड़ की टोटल इनकम हासिल हो चुकी है। अगस्त 2025 के आखिरी में कंपनी पर ₹8.68 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹20.09 करोड़ पड़े थे।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।



Source link

Scroll to Top