Vodafone Idea को मिली AGR बकाये पर बड़ी राहत, क्या अब शेयरों के आने वाले हैं अच्छे दिन? – vodafone idea gets major agr relief is a turnaround in the stock finally ahead



क्या वाकई Vodafone Idea के शेयरों के लिए अब अच्छे दिन आने वाले हैं? सालों से कर्ज, AGR विवाद और अस्तित्व के सवालों से जूझ रही वोडाफोन आइडिया को सरकार से बड़ी राहत मिली है। कंपनी के AGR बकाया को फ्रीज कर दिया गया है, भुगतान की समय-सीमा लंबी कर दी गई है और अब कंपनी के कारोबार में बने रहने का रास्ता भी साफ होता दिख रहा है। आइए विस्तार से समझते हैं कि यह राहत कितनी बड़ी है, कंपनी के बैलेंस शीट पर इससे क्या असर पड़ेगा, वोडाफोन के लिए आगे असली चुनौती क्या है और निवेशकों को किन संकेतों पर नजर रखनी चाहिए।

सबसे पहले समझते हैं AGR यानी एडजस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू का मुद्दा। टेलीकॉम कंपनियों पर सरकार को जो शुल्क देना होता है, उसका आधार AGR होता है। सालों तक चली कानूनी लड़ाई के बाद वोडाफोन आइडिया पर भारी-भरकम AGR बकाया बन गया था, जिसने कंपनी की वित्तीय हालत को कमजोर कर दिया।

अब 9 जनवरी को कंपनी ने एक्सचेंजों को बताया कि टेलीकॉम डिपार्टमेंट ने उसके 31 दिसंबर 2025 तक के AGR बकाया राशि को ₹87,695 करोड़ पर फ्रीज कर दिया है और भुगतान का नया शेड्यूल तय किया है और ये नया शेड्यूल कंपनी को राहत देने वाला है।

एनालिस्ट क्या कह रहे हैं?

एंबिट कैपिटल रिसर्च के एनालिस्ट विवेकानंद एस का कहना है कि इस फैसले से वोडाफोन आइडिया के लिए लोन के जरिए पैसे जुटाने की संभावना काफी बढ़ गई है। उनके मुताबिक अब मामला “कंपनी बचेगी या नहीं” से बदलकर “कंपनी आगे काम कैसे करेगी” इस पर शिफ्ट हो गया है। अब निवेशकों का ध्यान इस बात पर जाएगा कि कंपनी अपने योजनाओं को आगे कितनी अच्छी तरह लागू कर पाती है।

बैलेंस शीट और कैश फ्लो पर असर

AGR फ्रीज होने से सबसे बड़ा फायदा यह है कि स्पेक्ट्रम से जुड़े कर्ज का दबाव कम होगा। निकट अवधि में कैश आउटफ्लो घटेगा, जिससे नेटवर्क अपग्रेड पर निवेश करने के लिए पैसे बच सकेंगे। सूत्रों के मुताबिक कंपनी बैंकों से करीब ₹30,000 करोड़ के नए लोन लेने की कोशिश कर रही है। इसके अलावा दिसंबर में मैनेजमेंट ने मौजूदा लेंडर्स से ₹5,000 करोड़ के तत्काल कर्ज पर भी चर्चा की, ताकि रोजमर्रा के खर्च और ऑपरेशंस संभाले जा सकें। अगर यह फंडिंग मिलती है, तो कंपनी की सांस कुछ हद तक आसान होगी।

बकाया भुगतान का नया शेड्यूल

अब बात करते हैं भुगतान की नई टाइमलाइन की। कंपनी पर वित्त वर्ष 2007 से वित्त वर्ष 2019 तक का 87,695 करोड़ रुपये AGR बकाया है। इसमें मूलधन, ब्याज, पेनल्टी और पेनल्टी पर ब्याज सब शामिल हैं। अब इस बकाया राशि को इसी पर फ्रीज कर दिया गया है। कंपनी ने बताया कि इस पूरी राशि को तीन चरणों में चुकाया जाएगा।

पहले चरण में कंपनी को मार्च 2026 से मार्च 2031 के बीच अगले छह सालों तक हर साल अधिकतम ₹124 करोड़ का भुगतान करना होगा। दूसरे चरण में मार्च 2032 से मार्च 2035 तक चार सालों के लिए हर साल ₹100 करोड़ चुकाने होंगे। इसके बाद बचे बाकी AGR बकाया राशि को मार्च 2036 से मार्च 2041 के बीच छह समान सालाना किश्तों में चुकाया जाएगा।

इसके साथ ही टेलीकॉम डिपार्टमेंट एक कमेटी भी बनाएगी, जो AGR बकाया की दोबारा समीक्षा करेगी। इस कमिटी का फैसला अंतिम होगा और दोबारा मूल्यांकन के बाद तय राशि को भी मार्च 2036 से मार्च 2041 के बीच समान किश्तों में ही चुकाना होगा।

सरकार ने क्यों दी यह राहत?

सरकारी सूत्रों का कहना है कि यह कदम कई उद्देश्यों को साधता है। केंद्र सरकार की वोडाफोन आइडिया में 49% हिस्सेदारी है, इसलिए कंपनी की स्थिरता सीधे सरकारी हित से जुड़ी है। इसके अलावा टेलीकॉम सेक्टर में कॉम्पिटीशन बनाए रखना और करीब 20 करोड़ ग्राहकों के हितों की रक्षा करना भी सरकार की प्राथमिकता है। सुप्रीम कोर्ट ने भी 2025 के अंत में कहा था कि बड़े जनहित को देखते हुए सरकार AGR पर दोबारा विचार कर सकती है।

आगे क्या होगा?

कंपनी को राहत मिल गई है, लेकिन क्या इससे कंपनी के कारोबार में सुधार आएगा? मार्केट एक्सपर्ट विवेकानंद एस का कहना है कि असली परीक्षा अब शुरू होती है। कंपनी लगातार ग्राहक खो रही है। इसकी वजह सिर्फ फीचर फोन यूजर्स का 4G पर शिफ्ट होना ही नहीं है, बल्कि कंपनी के मौजूदा स्मार्टफोन यूजर्स भी नेटवर्क छोड़ रहे हैं। मुंबई और दिल्ली जैसे बड़े बाजारों में कई यूजर्स ने वोडाफोन आइडिया के नेटवर्क पर अपना इस्तेमाल कम कर दिया है या फिर सेकेंडरी सिम कार्ड अपनाना शुरू कर दिया है। इसकी एक बड़ी वजह कंपनी का 5G निवेश में देर करना भी माना जा रहा है। इसलिए अब कंपनी की कैपेक्स रणनीति निर्णायक होगी।

5G और नेटवर्क निवेश: गेमचेंजर या चुनौती?

भारत का टेलीकॉम बाजार तेजी से डेटा-ड्रिवन हो रहा है। वोडाफोन की राइवल कंपनियां पहले ही 5G पर बड़ा दांव लगा चुकी हैं। वोडाफोन आइडिया के लिए सवाल यह है कि क्या वह समय पर और पर्याप्त निवेश कर पाएगी। AGR राहत से रास्ता जरूर खुला है, लेकिन निवेश जुटाना और उसे सही जगह खर्च करना, दोनों जरूरी हैं। अगर कंपनी नेटवर्क क्वालिटी और कवरेज में सुधार नहीं कर पाती, तो ग्राहक वापसी मुश्किल हो सकती है।

कुल मिलाकर बाजार की इस बात पर नजर होगी कि वोडाफोन आइडिया को बैंकों से कितनी फंडिंग मिलती है और उसकी शर्तें क्या रहती है। साथ ही कंपनी के कैपेक्स के स्तर और 5G से जुड़ी ऐलानों पर नजर होगी। अगर इन ऐलानों से ग्राहकों की संख्या में गिरावट थमता है या उसकी प्रति यूजर औसत आमदनी ( ARPU) में सुधार दिखता है, तो बाजार का भरोसा बढ़ सकता है।

यह भी पढ़ें- शेयर बाजार में कोहराम! सेंसेक्स 5 दिन में 2200 अंक टूटा, निवेशकों के ₹13 लाख करोड़ स्वाहा

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।



Source link

Scroll to Top