
Tracxn Technologies Shares: ट्रैक्सन टेक्नोलॉजीज के शेयरों में मंगलवार को 20 प्रतिशत की जबरदस्त तेजी देखने को मिली और शेयर ने अपनी अपर सर्किट सीमा को छू लिया। यह तेजी इस खबर के आई कि दिग्गज निवेशक मुकुल महावीर अग्रवाल ने कंपनी में हिस्सेदारी खरीदी है। अग्रवाल ने सोमवार को एक बल्क डील के जरिए ट्रैक्सन टेक्नोलॉजीज के करीब 20 लाख शेयर खरीदे।
इस खबर के बाद नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर आज 10 फरवरी को ट्रैक्सन टेक्नोलॉजीज का शेयर 6.46 प्रतिशत की गैप-अप ओपनिंग के साथ खुला। इसके बाद यह 40.68 रुपये प्रति शेयर के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया, जो इस शेयर के लिए 20 प्रतिशत का अपर सर्किट भी रहा। हालांकि दिन चढ़ने के साथ कुछ मुनाफावसूली देखने को मिली और दोपहर करीब 12:30 बजे शेयर 37.50 रुपये पर कारोबार करता दिखा, जो अब भी 10.62 प्रतिशत की मजबूती को दिखाता है।
पिछले दो कारोबारी दिनों से ट्रैक्सन टेक्नोलॉजीज के शेयर लगातार ऊपर की ओर बढ़ रहे हैं। निवेशकों की नजर खासतौर पर सोमवार को हुए उस बल्क डील पर रही, जिसमें मुकुल अग्रवाल ने 33 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर कंपनी के 20 लाख शेयर खरीदे। इस डील का कुल मूल्य 6.6 करोड़ रुपये रहा। बल्क डील के आंकड़ों के मुताबिक, यह खरीद सीधे बाजार से की गई थी, जिसने शेयर में मजबूत भरोसा पैदा किया।
बीएसई के शेयरहोल्डिंग डेटा के अनुसार, 31 दिसंबर 2025 तक मुकुल अग्रवाल के पास ट्रैक्सन टेक्नोलॉजीज के 20 लाख शेयर थे, जो कंपनी में 1.88 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर हैं।
कंपनी के बारे में
बेंगलुरु मुख्यालय वाली ट्रैक्सन टेक्नोलॉजीज एक सॉफ्टवेयर-एज़-ए-सर्विस (SaaS) मॉडल पर काम करती है और प्राइवेट कंपनियों से जुड़ी मार्केट इंटेलिजेंस सेवाएं प्रदान करती है। कंपनी की स्थापना 2015 में नेहा सिंह और अभिषेक गोयल ने की थी। दोनों ही संस्थापक पहले वेंचर कैपिटल से जुड़े रहे हैं। नेहा सिंह सिकोइया कैपिटल से और अभिषेक गोयल एक्सेल पार्टनर्स से जुड़े रह चुके हैं। ट्रैक्सन ने 2022 में अपना आईपीओ लॉन्च कर शेयर बाजार में कदम रखा था।
इस बीच, मुकुल अग्रवाल ने एक अन्य कंपनी Laxmi India Finance के शेयर भी खरीदे हैं। उन्होंने इस कंपनी में 92.55 रुपये प्रति शेयर की दर से निवेश किया था। 31 दिसंबर 2025 तक उनके पास लक्ष्मी इंडिया फाइनेंस के भी 20 लाख शेयर थे, जो कंपनी की 3.83 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी के बराबर हैं।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।