
टीसीएस 12 जनवरी को दिसंबर तिमाही के नतीजों का ऐलान करेगी। इस पर मार्केट की करीबी नजरें लगी हैं। टीसीएस देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी है। इसके नतीजों से आईटी सेक्टर के प्रदर्शन के बारे में संकेत मिलेंगे। टीसीएस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर फोकस बढ़ाया है। कंपनी ने एआई पर बड़ा निवेश करने का प्लान बनाया है।
दिसंबर तिमाही में TCS का रेवेन्यू ग्रोथ तिमाही दर तिमाही आधार पर फ्लैट (अपरिवर्तित) रहने की उम्मीद है। इसकी वजह यह है कि अमेरिका सहित दुनियाभर में कंपनियां टेक्नोलॉजी पर अभी ज्यादा खर्च नहीं कर रही हैं। तीसरी तिमाही में कंपनी का डॉलर में रेवेन्यू 0.3 फीसदी बढ़कर 748.2 करोड़ डॉलर रह सकता है। दूसरी तिमाही में यह 746.6 करोड़ डॉलर था।
रुपये में कंपनी का रेवेन्यू तीसरी तिमाही में तिमाही दर तिमाही आधार पर 1.4 फीसदी बढ़कर 66,728 करोड़ रुपये रह सकता है। EBIT 16,800 करोड़ रुपये रहने की उम्मीद है, जो दूसरी तिमाही में 16,565 करोड़ रुपये था। EBIT मार्जिन 25.2 फीसदी पर अपरिवर्तित रहने की उम्मीद है। नेट प्रॉफिट तिमाही दर तिमाही आधार पर 5.8 फीसदी बढ़कर 12,771 करोड़ रुपये रहने की उम्मीद है।
टीसीएस की कंस्टैंट करेंसी (CC) रेवेन्यू ग्रोथ तीसरी तिमाही में तिमाही दर तिमाही आधार पर करीब 0.5 फीसदी रहने की उम्मीद है। कंपनी के दिसंबर तिमाही के नतीजों को लेकर ब्रोकरेज फर्मों की राय बंटी हुई है। कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज का मानना है कि दिसंबर तिमाही में सीसी ग्रोथ फ्लैट रह सकती है। उसने इंटरनेशनल बिजनेस की ग्रोथ तिमाही दर तिमाही आधार पर 0.7 फीसदी रहने का अनुमान जताया है। लेकिन, इंडियन बिजनेस में तिमाही दर तिमाही आधार पर 4.5 फीसदी गिरावट दिख सकती है।
एंबिट कैपिटल का कहना है कि इंटरनेशनल बिजनेस की रेवेन्यू ग्रोथ को लेकर टीसीएस के पहले के अनुमान में बदलाव दिख सकता है। FY26 में इसमें तेज उछाल दिख सकता है। पहले कंपनी ने कहा था कि FY26 में इंटरनेशनल रेवेन्यू ग्रोथ FY25 के लेवल से ज्यादा रहेगी। मार्केट की नजरें AI मॉनेटाइजेशन को लेकर कंपनी की कमेंट्री पर होगी। कंपनी ने 5,000 से ज्यादा एआई एंगेजमेंट पूरे किए हैं। इसके सालाना रेवेन्यू में एआई से जुड़ी सेवाओं की हिस्सेदारी करीब 1.5 अरब डॉलर पहुंच गई है।
एआई के अलावा साइबर सिक्योरिटी और अलायड डिजिटल ऑपरिंग्स जैसी न्यू-एज सर्विसेज का कंट्रिब्यूशन कंपनी के सालाना रेवेन्यू में करीब 11 अरब डॉलर पहुंच गया है। इससे यह संकेत मिलता है कि कंपनी ज्यादा ग्रोथ वाले टेक्नोलॉजी सेगमेंट्स पर फोकस बढ़ा रही है। दूसरी तिमाही में कंपनी ने कहा था कि वह दुनिया की सबसे बड़ी एआई-आधारित टेक्नोलॉजी सर्विसेज कंपनी बनना चाहती है। टीसीएस का शेयर 9 जनवरी को 0.27 फीसदी चढ़कर 3,212.60 रुपये पर बंद हुआ। बीते एक साल में कंपनी का शेयर 20 फीसदी से ज्यादा गिरा है। इस दौरान निफ्टी आईडी इंडेक्स 12 फीसदी से ज्यादा गिरा है।