
मॉर्गन स्टेनली को टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के शेयर में आगे 32 प्रतिशत तक उछाल की गुंजाइश दिख रही है। ब्रोकरेज ने इस शेयर के लिए ओवरवेट रेटिंग और ₹3540 प्रति शेयर का टारगेट प्राइस बरकरार रखा है। नया टारगेट शेयर की पिछली क्लोजिंग से 32% ज्यादा है। मॉर्गन स्टेनली को OpenAI के साथ TCS की पार्टनरशिप से बड़ी उम्मीदें हैं। डेटा सेंटर को लेकर मॉर्गन स्टेनली ने कहा है कि TCS सही दिशा में आगे बढ़ रही है।
19 फरवरी को, TCS ने OpenAI के साथ एक स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप की घोषणा की। इसका मकसद एंटरप्राइज, कंज्यूमर और सोशल सेक्टर में आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े इनोवेशंस को बढ़ावा देना है। इस कोलेबोरेशन से AI इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने और टाटा ग्रुप की कंपनियों में इंडस्ट्री-स्पेसिफिक एजेंटिक AI सॉल्यूशन डेवलप करने पर फोकस होने की उम्मीद है। पार्टनरशिप के हिस्से के तौर पर OpenAI, TCS के हाइपरवॉल्ट डेटा सेंटर की पहली कस्टमर होगी। डेटा सेंटर की शुरुआत 100 MW कैपेसिटी से होगी और इसे 1 GW तक बढ़ाने की क्षमता होगी।
इससे पहले TPG ने हाइपरवॉल्ट में इक्विटी इनवेस्टमेंट किया था। एंटरप्राइज-ग्रेड आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस टूल्स के डिप्लॉयमेंट के जरिए इस इंटीग्रेशन के टाटा ग्रुप की एंटिटीज में भी बढ़ने की उम्मीद है। मॉर्गन स्टेनली का मानना है कि डेटा सेंटर बिजनेस TCS के लिए लॉन्ग-टर्म ऑप्शनैलिटी दे सकता है। TCS के स्टॉक पर कवरेज करने वाले 52 एनालिस्ट्स में से 36 ने ‘बाय’ रेटिंग दी है। 12 ने ‘होल्ड’ और 4 ने ‘सेल’ रेटिंग दी है।
TCS के शेयर में तेजी
20 फरवरी को TCS के शेयर में मामूली तेजी है। सुबह के कारोबार में शेयर पिछले बंद भाव से लगभग 0.50 प्रतिशत तक उछलकर 2693.20 रुपये के हाई तक गया। कंपनी का मार्केट कैप 9.71 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर एक साल में 29 प्रतिशत नीचे आया है। 2 सप्ताह में इसने लगभग 10 प्रतिशत तक की गिरावट देखी है।