Tata Motors PV Results: टाटा ग्रुप की कंपनी को ₹3486 करोड़ घाटा, रेवेन्यू 25% गिरा; फोकस में रहेगा स्टॉक – tata motors passenger vehicles q3 results loss of 3486 crore revenue falls 25 percent jlr impact stock in focus



Tata Motors PV Results: टाटा ग्रुप की Tata Motors Passenger Vehicles Ltd. (TMPVL), ने अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में ₹3,486 करोड़ का नेट लॉस दर्ज किया। यह Tata Motors Ltd. से डिमर्ज की गई दो इकाइयों में से एक है। टाटा मोटर्स PV को यह नुकसान कई एकमुश्त खर्चों की वजह से हुआ। इसके मुकाबले पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने ₹5,485 करोड़ का मुनाफा कमाया था।

रेवेन्यू में 25 प्रतिशत की गिरावट

दिसंबर तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू ₹70,108 करोड़ रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 25 प्रतिशत कम है। रेवेन्यू पर सबसे बड़ा असर लग्जरी कार यूनिट Jaguar Land Rover (JLR) में हुए साइबर इंसिडेंट की वजह से पड़ा, जिसका असर तीसरी तिमाही तक प्रोडक्शन पर बना रहा।

टाटा मोटर्स PV का दिसंबर तिमाही में कंसोलिडेटेड फ्री कैश फ्लो माइनस ₹1,790 करोड़ रहा। इसकी वजह JLR में कम वॉल्यूम और वर्किंग कैपिटल पर पड़ा नकारात्मक असर रहा।

JLR के रेवेन्यू और वॉल्यूम पर दबाव

दिसंबर तिमाही में JLR का रेवेन्यू सालाना आधार पर 39 प्रतिशत घटकर £4.5 बिलियन रह गया। साइबर इंसिडेंट की वजह से थोक बिक्री (wholesale volumes) प्रभावित हुई। प्रोडक्शन में सामान्य स्थिति नवंबर के मध्य में जाकर बहाल हो पाई।

इसके अलावा, नए Jaguar लॉन्च से पहले पुराने Jaguar मॉडल्स को धीरे-धीरे बंद करने की योजना और चीन के बाजार में कमजोर हालात की वजह से भी वॉल्यूम और प्रॉफिटेबिलिटी पर असर पड़ा।

कंपनी ने अपनी फाइलिंग में कहा कि JLR आर्थिक, भू-राजनीतिक और पॉलिसी से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए मजबूत स्थिति में है। FY24 से अगले पांच साल की अवधि में कंपनी का निवेश खर्च करीब £18 अरब रहने की उम्मीद है।

मैनेजमेंट को Q4 में तेज सुधार की उम्मीद

हालांकि कमजोर Q3 के बावजूद टाटा मोटर्स PV के मैनेजमेंट को भरोसा है कि चौथी तिमाही में प्रदर्शन में साफ सुधार देखने को मिलेगा। कंपनी का कहना है कि घरेलू बाजार में मांग मजबूत बनी हुई है। साथ ही, नए लॉन्च और इनोवेशन के जरिए ग्रोथ को तेज किया जाएगा।

CEO का बयान, 2026 को बताया अहम साल

JLR के CEO पीबी बालाजी ने कहा कि तीसरी तिमाही JLR के लिए चुनौतीपूर्ण रही। साइबर इंसिडेंट के चलते प्रोडक्शन शटडाउन, पुराने Jaguar मॉडल्स को बंद करने की योजना और अमेरिका के टैरिफ का असर परफॉर्मेंस पर पड़ा।

उन्होंने कहा कि भले ही बाहरी माहौल अभी अस्थिर है, लेकिन चौथी तिमाही में प्रदर्शन में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है। कंपनी के पास वैश्विक चुनौतियों से निपटने की स्पष्ट रणनीति है और फोकस ट्रांसफॉर्मेशन पर बना हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि 2026 JLR के लिए खास साल होगा, जब अगली पीढ़ी के वाहन तैयार किए जाएंगे। इनमें Range Rover Electric का लॉन्च और नए Jaguar मॉडल की पहली झलक शामिल है।

नतीजों से पहले शेयर में हल्की गिरावट

नतीजों के ऐलान से पहले Tata Motors Passenger Vehicles Ltd. का शेयर BSE पर 0.3 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ ₹374.15 पर बंद हुआ। स्टॉक ने पिछले 6 महीने में 14.24% का रिटर्न दिया है। वहीं, 1 साल में यह करीब 4 पर्सेंट ऊपर गया है। इसका मार्केट कैप 1.37 लाख करोड़ रुपये है।

Gainers & Losers: PolicyBazaar, Suzlon, HAL और Indian Oil समेत ये 10 स्टॉक्स, खास वजहों से बने Sensex के धुरंधर

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।



Source link

Scroll to Top