Tata Motors PV के शेयर धड़ाम, Jaguar Land Rover के सेल्स आंकड़ों से डरे निवेशक – tata motors pv share price slips over 3 percent as cyber attack tariffs weigh on jaguar land rover jlr volumes



Tata Motors PV Share Price: टाटा ग्रुप की पैसेंजर वेईकल यूनिट टाटा मोटर्स पैसेंजर वेईकल्स के शेयरों में आज बिकवाली का भारी दबाव दिखा और यह 3% से अधिक टूट गया। इसकी वजह ये है कि टाटा मोटर्स पैसेंजर वेईकल्स की सब्सिडरी जगुआर लैंड रोवर (Jaguar Land Rover) की दिसंबर तिमाही में खुदरा और थोक बिक्री में तेज गिरावट आई। इसके चलते निवेशक धड़ाधड़ टाटा मोटर्स पीवी के शेयरों की बिकवाली करने लगे जिससे शेयर धड़ाम हो गए। बिकवाली का दबाव इतना तेज है कि निचले स्तर पर खरीदारी के बावजूद शेयर संभल नहीं पाए। फिलहाल बीएसई पर यह 1.61% की गिरावट के साथ ₹367.50 के भाव पर है। इंट्रा-डे में यह 3.55% फिसलकर ₹360.25 तक आ गया था।

Tata Motors PV की Jaguar Land Rover के लिए कैसी रही दिसंबर तिमाही?

दिसंबर 2025 तिमाही में टाटा मोटर्स पीवी की जगुआर लैंड रोवर का होलसेल वॉल्यूम सालाना आधार पर 43.3% और रिटेल वॉल्यूम 25.1% फिसल गया। इसे ब्रिटेन के सबसे बड़े साइबर हमलों में शुमार एक हमले के चलते प्रोडक्शन में आई दिक्कतों ने करारा झटका दिया। कंपनी का कहना है कि साइबर हमले के बाद जगुआर लैंड रोवर फैसिलिटीज में प्रोडक्शन नवंबर के मध्य तक ही सामान्य स्थिति में लौट पाया। हालांकि उत्पादन फिर से शुरू होने के बाद गाड़ियों को दुनिया भर में भेजने में लगने वाले समय और दिक्कतों के चलते दिसंबर तिमाही में सालाना और तिमाही आधार पर थोक और खुदरा बिक्री, दोनों में गिरावट आई। साइबर हमले के चलते ही नहीं बल्कि जगुआर का नया मॉडल लॉन्च होने से पहले इसके पुराने मॉडलों को बंद करने की योजना और अमेरिकी मार्केट में जगुआर के निर्यात पर अमेरिकी टैरिफ में बढ़ोतरी का भी असर इसकी बिक्री पर पड़ा।

बिक्री में दबाव के बावजूद मार्केट में इसके हाई वैल्यू वाले मॉडलों का दबदबा बना रहा। वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में रेंज रोवर, रेंज रोवर स्पोर्ट और डिफेंडर की कुल थोक बिक्री में हिस्सेदारी सालाना आधार पर 70.3% से बढ़कर 74.3% पर पहुंच गई। हालांकि सितंबर तिमाही में यह आंकड़ा 76.7% पर था। इस वित्त वर्ष में अब तक इसकी थोक बिक्री 26.6% गिरकर 2,12,600 यूनिट्स तो रिटेल वॉल्यूम 19.1% फिसलकर 2,59,400 यूनिट्स पर आ गया। जगुआर लैंड रोवर दिसंबर तिमाही के पूरे नतीजे फरवरी 2026 में पेश करने वाला है।

एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?

टाटा मोटर्स पीवी के शेयर पिछले साल 9 जनवरी 2025 को ₹500.55 पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई है। इस हाई से यह तीन ही महीने में 33.01% फिसलकर 7 अप्रैल 2025 को ₹335.30 पर आ गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।



Source link

Scroll to Top