
Tata Group Stock: जहां एक ओर शेयर बाजार में भारी गिरावट का माहौल चल रहा, वहीं तेजस नेटवर्क्स के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। पिछले चार कारोबारी सत्रों में टाटा ग्रुप की इस कंपनी का शेयर करीब 67 प्रतिशत तक उछल गया।
कंपनी ने 26 फरवरी को बताया था कि उसने NEC कॉरपोरेशन के साथ 5G मैसिव MIMO रेडियो के निर्माण और सप्लाई के लिए एक समझौता किया है। इस खबर के बाद शेयर में तेजी शुरू हुई और निवेशकों का भरोसा बढ़ा।
मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस में नया प्लेटफॉर्म लॉन्च
3 मार्च को स्पेन के बार्सिलोना में आयोजित मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस में तेजस नेटवर्क्स ने अपना हाइपर स्केलेबल डेटा सेंटर इंटरकनेक्ट (DCI) प्लेटफॉर्म भी लॉन्च किया। इस घोषणा से भी शेयर को लेकर बाजार का सेंटीमेंट मजबूत हुआ।
क्या है 5G Massive MIMO टेक्नोलॉजी
5G मैसिव MIMO (Multiple Input Multiple Output) रेडियो हाई कैपेसिटी बेस स्टेशन एंटेना होते हैं। इनमें दर्जनों या सैकड़ों एंटेना एलिमेंट होते हैं, जो बीमफॉर्मिंग तकनीक का इस्तेमाल करके सटीक सिग्नल भेजते हैं।
इस तकनीक की मदद से 5G नेटवर्क की क्षमता, कवरेज और इंटरनेट स्पीड बढ़ती है, क्योंकि यह एक साथ कई यूजर्स को डेटा ट्रांसफर करने की क्षमता रखती है।
नया ऑप्टिकल ट्रांसपोर्ट प्रोडक्ट भी लॉन्च
तेजस नेटवर्क्स ने मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस में TJ1600-D3 नाम का नया प्रोडक्ट भी लॉन्च किया है। यह कंपनी का अगली पीढ़ी का WDM (Wavelength Division Multiplexing) ऑप्टिकल ट्रांसपोर्ट प्रोडक्ट है।
इसे खास तौर पर तेजी से बढ़ती डेटा सेंटर इंटरकनेक्शन जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जहां टेराबिट स्तर पर डेटा ट्रांसफर की मांग तेजी से बढ़ रही है।
मौजूदा सत्र में शेयर का हाल
मौजूदा कारोबारी सत्र में तेजस नेटवर्क्स का शेयर बीएसई पर 9.10 प्रतिशत चढ़कर ₹529.65 पर पहुंच गया था। हालांकि, इस लेवल मुनाफावसूली हावी हुई और स्टॉक आखिर में 1.11% की बढ़त के साथ ₹490.10 पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप करीब ₹8,693 करोड़ रहा।
चार सत्रों में 67 प्रतिशत उछाल
25 फरवरी को यह शेयर ₹317.90 पर बंद हुआ था। इसके बाद लगातार तेजी आई और चार सत्रों में यह बढ़कर ₹529.65 तक पहुंचा। यानी 67 प्रतिशत तक की उछला। शेयर का 52 वीकका उच्च स्तर ₹914.50 है, जो 4 अप्रैल 2025 को बना था। वहीं 27 जनवरी 2026 को यह ₹294.10 के 52 वीक के निचले स्तर तक गिर गया था।
तेजस का बिजनेस क्या है
तेजस नेटवर्क्स 4G और 5G रेडियो एक्सेस नेटवर्क (RAN) से जुड़े उपकरण बनाने वाली प्रमुख कंपनी है। कंपनी के पोर्टफोलियो में 32TR और 64TR जैसे हाई कैपेसिटी मैसिव MIMO रेडियो शामिल हैं, जो 3GPP और O-RAN जैसे अंतरराष्ट्रीय मानकों के मुताबिक हैं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।