
Jubilant Foodworks Shares: जुबिलैंट फूडवर्क्स के शेयर बुधवार 11 फरवरी को शुरुआती कारोबार में 3 प्रतिशत तक उछल गए। यह तेजी कंपनी के तीसरी तिमाही के नतीजों के बाद ऐलान आई। तिमाही नतीजों के बाद कई ब्रोकरेज फर्मों ने जुबिलैंट फूडवर्क्स के शेयरों को पॉजिटिव रेटिंग दी है। एनालिस्ट्स का कहना है कि मजबूत ग्रोथ, मार्जिन में सुधार और ऑपरेटिंग लीवरेज के दम पर शेयर में मौजूदा स्तरों से 53 प्रतिशत तक की तेजी की गुंजाइश बनती है।
Q3 में मुनाफा और रेवेन्यू दोनों में मजबूती
कंपनी के स्टैंडअलोन नतीजों के मुताबिक, दिसंबर तिमाही में शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 31.7 प्रतिशत बढ़कर 54.07 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह 41.04 करोड़ रुपये था। वहीं रेवेन्यू 11.8 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,901.5 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो एक साल पहले 1,611 करोड़ रुपये था।
ब्रोकरेज की राय: ज्यादातर ‘बाय’, एक ‘होल्ड’
तीसरी तिमाही के नतीजों के बाद कम से कम 4 ब्रोकरेज फर्मों ने जुबिलेंट फूडवर्क्स पर अपनी रिपोर्ट जारी की है। इनमें जेफरीज, CLSA, सिटी और एचएसबीसी शामिल हैं। इनमें से तीन ब्रोकरेज ने इस शेयर को ‘Buy’ की रेटिंग दी है, जबकि एक ने ‘होल्ड’ रेटिंग बनाए रखा है।
CLSA ने स्टॉक पर ‘होल्ड’ रेटिंग देते हुए 505 रुपये का टारगेट प्राइस रखा है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी की बिक्री पहले से दिए गए बिजनेस अपडेट के मुताबिक रही। EBITDA मार्जिन में सालाना आधार पर 109 बेसिस पॉइंट का सुधार अनुमान से बेहतर रहा और यह ब्रोकरेज के अनुमानों से 79 बेसिस पॉइंट अधिक था। CLSA के मुताबिक, तिमाही आधार पर ग्रॉस मार्जिन में 52 बेसिस पॉइंट का सुधार देखने को मिला, जो संतुलित प्राइस हाइक और नए प्रोडक्ट लॉन्च के चलते संभव हुआ। कंपनी के स्टोर्स की औसत बिक्री स्थिर रही, जहां डोमिनोज़ इंडिया में लाइक-फॉर-लाइक ग्रोथ 5 प्रतिशत रही, जबकि पोपायज़ ने हाई डबल डिजिट ग्रोथ दर्ज की।
Citi ने शेयर पर ‘बाय’ रेटिंग देते हुए 800 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। ब्रोकरेज ने कंपनी की मजबूत लाइक-फॉर-लाइक ग्रोथ और EBITDA मार्जिन में सुधार को प्रमुख कारण बताया।
Jefferies ने भी ‘बाय’ रेटिंग बरकरार रखते हुए 850 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है, जो मौजूदा स्तरों से करीब 53 प्रतिशत का अपसाइड दर्शाता है। जैफरीज का कहना है कि प्री-इंड एएस आधार पर EBITDA मार्जिन नौ तिमाहियों के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। यह सुधार मुख्य रूप से ऑपरेटिंग लीवरेज की वजह से आया है और इसमें प्राइस हाइक का योगदान सीमित रहा है, जो प्रदर्शन की गुणवत्ता को दर्शाता है।
वहीं HSBC ने भी स्टॉक पर ‘बाय’ रेटिंग दी है और 700 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, EBITDA में 5 प्रतिशत का अनुमान से बेहतर प्रदर्शन ग्रॉस मार्जिन में सुधार, प्राइस हाइक, नए प्रोडक्ट लॉन्च और ऑपरेटिंग लीवरेज की वजह से रहा। कंपनी का 200 बेसिस पॉइंट मार्जिन सुधार का लक्ष्य सही दिशा में आगे बढ़ता दिख रहा है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।