Stocks News: अदाणी ग्रुप से कंपनी को मिला हजारों करोड़ का ऑर्डर, शेयर में 11% की तूफानी तेजी – ge vernova tnd india share price jumps 11 percenrt after bagging multi thousand crore order from adani group



GE Vernova T&D Share Price: पावर और ट्रांसमिशन सेक्टर की कंपनी ‘जीई वर्नोवा T&D इंडिया’ के शेयरों में आज 22 दिसंबर को जबरदस्त उछाल देखने को मिला। कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर 11 प्रतिशत तक उछल गए। यह तेजी कंपनी को अदाणी ग्रुप की एक कंपनी से बड़ा ऑर्डर मिलने की खबर के बाद आई। कारोबार के दौरान’जीई वर्नोवा T&D इंडिया’ के शेयर 3,251.80 रुपये के इंट्रा-डे हाई तक गए। हालांकि बाद में इसके कुछ मुनाफावसूली दिखी और कारोबार के अंत में करीब 5% की बढ़त के साथ ₹3,060.10 पर बंद हुए।

‘जीई वर्नोवा T&D इंडिया’ ने शनिवार 20 दिसंबर को शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में बताया था कि उसे अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड की सब्सिडियरी कंपनी AESL Projects से एक अहम प्रोजेक्ट का कॉन्ट्रैक्ट मिला है। इस कॉन्ट्रैक्ट के तहत जीई वर्नोवा T&D इंडिया को 2,500 मेगावाट (MW), ±500 kV हाई वोल्टेज डायरेक्ट करंट (HVDC) VSC टर्मिनल स्टेशन (2×1250 MW) की डिजाइनिंग और इंस्टॉलेशन का काम करना होगा।

यह प्रोजेक्ट गुजरात के खावड़ा (KPS-3) से साउथ ओलपाड तक रिन्यूएबल पावर की ट्रांसमिशन (Evacuation) के लिए है। कंपनी ने बताया कि इस प्रोजेक्ट को कई सालों की अवधि में पूरा किया जाएगा, हालांकि फाइलिंग में ऑर्डर वैल्यू का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया। हालांकि कई ब्रोकरेज फर्मों ने इसे लेकर अनुमान लगाए हैं।

ब्रोकरेज फर्मों का क्या है कहना?

ऑर्डर वैल्यू को लेकर ब्रोकरेज हाउसों के अलग-अलग अनुमान सामने आए हैं। एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज का मानना है कि इस प्रोजेक्ट की कुल वैल्यू ₹7,500–8,000 करोड़ के बीच हो सकती है, जिसे अगले 4–5 सालों में पूरा किया जाएगा। एमके ने यह भी याद दिलाया कि हाल ही में कंपनी को पावर ग्रिड कॉरपोरेशन से भी ₹1,230 करोड़ का बड़ा ऑर्डर मिला था, जो चंद्रपुर HVDC बैक-टू-बैक लिंक (2×500 MW) के रिफर्बिशमेंट से जुड़ा है।

ब्रोकरेज के मुताबिक, इन नए ऑर्डर्स और ₹13,100 करोड़ की मौजूदा मजबूत ऑर्डर बुक से कंपनी की लॉन्ग-टर्म रेवेन्यू विजिबिलिटी और मजबूत हो गई है। इसके अलावा, जीई वर्नोवा T&D इंडिया ने करीब ₹1,000 करोड़ के कैपेक्स की भी घोषणा की है, जिसमें ₹800 करोड़ फ्रेश निवेश शामिल है।

एमके ने जीई वर्नोवा T&D इंडिया के शेयर पर अपनी ‘Buy’ रेटिंग बनाते हुए इसे 3,350 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। यह इसके शेयरों में शुक्रवार के बंद भाव से करीब 14 फीसदी तक की तेजी का अनुमान है।

वहीं, ब्रोकरेज Prabhudas Lilladher का अनुमान है कि इस पूरे प्रोजेक्ट की वैल्यू ₹12,000 करोड़ तक हो सकती है। ब्रोकरेज के अनुसार, यह ऑर्डर HVDC–VSC (हाई-वोल्टेज डायरेक्ट करंट–वोल्टेज सोर्स कन्वर्टर) टेक्नोलॉजी में GE वर्नोवा की मजबूत पकड़ को और पुख्ता करता है और आने वाले HVDC टेंडर्स में इसकी कॉम्पिटिटिव पोजीशन को मजबूत बनाएगा।

प्रभुदास लीलाधर ने यह भी कहा कि आने वाले समय में HVDC प्रोजेक्ट्स का अगला चरण लाइन कम्यूटेटेड कन्वर्टर (LCC) टेक्नोलॉजी की ओर झुका रह सकता है। ऐसे में हिताची एनर्जी इंडिया और GE वर्नोवा के लिए ऑर्डर के मौके मजबूत बने रहेंगे, जबकि सीमेंस एनर्जी के मौके जल्द ही कम हो सकते हैं। सीमेंस एनर्जी इंडिया के शेयर लगभग 5 प्रतिशत गिरकर 2,619 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुए। सीमेंस एनर्जी के शेयर आज 22 दिसंबर को करीब 5% गिरकर ₹2,619 पर बंद हुए।

GE Vernova T&D के शेयरों का प्रदर्शन

जीई वर्नोवा T&D इंडिया के शेयरों ने हाल के महीनों में शानदार प्रदर्शन किया है। पिछले 5 दिनों में शेयर करीब 1.5% चढ़ा है। वहीं पिछले 1 महीने में लगभग 7% की तेजी आई है। बीते 6 महीनों में शेयर 32% उछल चुका है। जबकि 2025 में अब तक इसने 49% से ज्यादा का रिटर्न दिया है। फिलहाल कंपनी का P/E रेशियो करीब 98 और मार्केट कैपिटलाइजेशन लगभग ₹78,352.80 करोड़ है।

यह भी पढ़ें- Stock in Focus: इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी को सरकार से मिला 670 करोड़ का रोड प्रोजेक्ट, शेयरों पर रहेगी नजर

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।



Source link

Scroll to Top