
Bulk Deals on January 16 : US-बेस्ड ग्लोबल इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट फर्म कैपिटल ग्रुप द्वारा मैनेज किए जाने वाले स्मॉलकैप वर्ल्ड फंड इंक ने 16 जनवरी को ओपन मार्केट ट्रांजैक्शन के ज़रिए मेडिकल डिवाइस कंपनी पॉली मेडिक्योर में 1.81 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी बेची है। स्मॉलकैप वर्ल्ड फंड द्वारा हिस्सेदारी बेचने की वजह से पॉली मेडिक्योर के शेयरों पर असर पड़ा और NSE पर यह 1.3 फीसदी गिरकर 1,644.9 रुपये पर आ गया।
स्मॉलकैप वर्ल्ड फंड के पास सितंबर 2025 तक पॉली मेडिक्योर में 2.02 फीसदी हिस्सेदारी थी। कल इसने पॉली मेडिक्योर में 302.19 करोड़ रुपये में 18.37 लाख शेयर (पेड-अप इक्विटी के 1.81 फीसदी के बराबर) बेच दिए। यह बिकवाली 1,645 रुपये प्रति शेयर के भाव पर की गई।
SPML Infra में बल्क डील ने भरा जोश
इस बीच, SPML Infra में भी एक्शन देखने को मिला। इसके लगभग 2 फीसदी शेयरों में 167 रुपये प्रति शेयर के भाव पर सौदा हुआ। इसके बाद यह शेयर 14.42 फीसदी बढ़कर 189.77 रुपये पर पहुंच गया। जाने-माने इन्वेस्टर विजय केडिया की कंपनी केडिया सिक्योरिटीज ने इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी SPML इंफ्रा में SPML इंडस्ट्रीज से 25.01 करोड़ रुपये में 14.98 लाख शेयर (1.95 फीसदी हिस्सेदारी) खरीदे हैं।
एंटनी वेस्ट हैंडलिंग में देखने को मिला जोरदार एक्शन
एंटनी वेस्ट हैंडलिंग सेल के शेयरों में भी शुक्रवार को अच्छी खरीदारी देखने को मिली, जिससे यह शेयर 17.95 फीसदी बढ़कर 550.90 रुपये पर पहुंच गया। US-बेस्ड मिरी कैपिटल मैनेजमेंट द्वारा मैनेज किए जाने वाले हेज फंड मिरी स्ट्रेटेजिक इमर्जिंग मार्केट्स फंड ने 536.97 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से 16.1 करोड़ रुपये में 3 लाख अतिरिक्त शेयर (1.05 प्रतिशत हिस्सेदारी) खरीदे हैं।
दिसंबर 2025 तक मिरी कैपिटल मैनेजमेंट के पास एंटनी वेस्ट हैंडलिंग की 1.14 फीसदी हिस्सेदारी थी। एंटनी वेस्ट म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी है।