
Sai Silks Kalamandir Share Price: ऑफलाइन और ऑनलाइन कपड़े बेचने वाली साई सिल्क्स (कालामंदिर) के शेयरों में आज लगातार दूसरे दिन भी बिकवाली का भारी दबाव दिखा। कंपनी ने पिछले हफ्ते शुक्रवार 2 जून को दिसंबर तिमाही का बिजनेस अपडेट जारी किया था जिसके झटके से सोमवार को जब स्टॉक मार्केट खुला तो यह 12.5% से अधिक टूट गया था जोकि सितंबर 2023 में लिस्टिंग के बाद से इंट्रा-डे में इसके शेयरों के लिए सबसे बड़ी गिरावट साबित हुई। आज की बात करें तो आज भी यह 2% से अधिक टूट गया। फिलहाल बीएसई पर यह 1.93% की गिरावट के साथ ₹132.00 पर है।
इंट्रा-डे में यह 2.38% फिसलकर ₹131.40 तक आ गया था। वैसे ध्यान दें कि कंपनी का बिजनेस अपडेट आने से पहले भी कमजोर मार्केट में लगातार दो दिन यह टूटा था और आज के इंट्रा-डे निचले स्तर के हिसाब से लगातार चार कारोबारी दिनों में यह 16% से अधिक फिसल चुका है।
Sai Silks Kalamandir के लिए कैसी रही दिसंबर तिमाही?
साई सिल्क्स कालामंदिर ने एक्सचेंज फाइलिंग में खुलासा किया कि दिसंबर तिमाही में इसका टर्नओवर ₹411 करोड़ रहा जोकि सालाना आधार पर 8% कम रहा। वहीं वित्त वर्ष 2026 के पहले नौ महीने में कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 16% बढ़कर ₹1,235 करोड़ पर पहुंच गया। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में यह भी बताया कि दिसंबर तिमाही में कंपनी ने पांच नए स्टोर्स खोले, एक कांचीवरम वरमहालक्ष्मी सिल्क्स फॉर्मेट में और चार वल्ली सिल्क्स फॉर्मेट में।
IPO निवेशक भारी घाटे में
साई सिल्क्स (काला मंदिर) के शेयरों की घरेलू स्टॉक मार्केट में 27 सितंबर 2023 को एंट्री हुई थी। इसके ₹1201 करोड़ के आईपीओ के तहत आईपीओ निवेशकों को ₹222 के भाव पर शेयर जारी हुए थे यानी कि मौजूदा भाव के हिसाब से उनकी पूंजी 40% से अधिक डूब चुकी है। इसके आईपीओ को निवेशकों का निवेशकों का मिला-जुला रिस्पांस मिला था और ओवरऑल 4 गुना से अधिक सब्सक्राइब हुआ था लेकिन खुदरा निवेशकों का हिस्सा तो महज 0.91 गुना भरा था।
27 सितंबर 2023 को लिस्टिंग के दिन यह 3% से अधिक प्रीमियम पर एंट्री के बाद धीरे-धीरे यह ऊपर चढ़ता गया और 28 नवंबर 2023 को यह ₹312 के आस-पास पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक 40% से अधिक मुनाफे में पहुंच गए। हालांकि फिर आईपीओ निवेशकों को ऐसा झटका लगा कि पिछले साल 9 मई 2025 तक यह ₹312 के रिकॉर्ड हाई से 64% से अधिक टूटकर ₹111 के आस-पास रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया। इस निचले स्तर पर संभलने के बावजूद अभी भी आईपीओ प्राइस से यह करीब 40% डाउनसाइड है। बता दें कि साई सिल्क्स (कालामंदिर) एथनिक कपड़े और वैल्यू-फैशन प्रोडक्ट्स बेचती है। यह ऑफलाइन के साथ-साथ अपनी खुद की वेबसाइट sskl.co.in और बाकी ई-कॉमर्स मार्केटप्लेस के जरिए भी अपने प्रोडक्ट्स की बिक्री करती है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।