
शेयर बाजार कल यानी 1 फरवरी को खुलेंगे। 1 फरवरी को रविवार है। लेकिन, यूनियन बजट पेश होने की वजह से इस रविवार बीएसई और एनएसई खुले रहेंगे। 16 जनवरी को ही बीएसई और एनएसई ने इसका ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि यूनियन बजट पेश होने की वजह से स्टॉक्स एक्सचेंज 1 फरवरी को खुले रहेंगे।
स्टॉक एक्सचेंजों में हफ्ते में 5 दिन कामकाज होता है। शनिवार और रविवार को एक्सचेंज बंद रहते हैं। बीएसई और एनएसई ने कहा है कि 1 फरवरी को दोनों एक्सचेंज स्टैंडर्ड टाइमिंग के हिसाब से खुलेंगे और बंद होंगे। इसका मतलब है कि दोनों एक्सचेंज सुबह 9:15 से शाम 3:30 के बीच खुले रहेंगे।
28 जनवरी को संसद का बजट सत्र शुरू हुआ था। 29 जनवरी को वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने आर्थिक सर्वेक्षण संसद में पेश किया। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को लगातार नौवीं बार यूनियन बजट पेश करेंगी। वित्तमंत्री के बजट पर युवा, किसान, महिलाएं, उद्यमी और टैक्सपेयर्स सहित समाज के हर वर्ग की नजरें लगी हैं। वह कल दिन में 11 बजे लोकसभा में यूनियन बजट पेश करेंगी। उन्होंने 2019 में पहली बार यूनियन बजट पेश किया था तब से वह हर साल यूनियन बजट पेश करती आई हैं।
पिछले साल 1 फरवरी को शनिवार था। वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने उस दिन यूनियन बजट 2026 पेश किया था। उस दिन स्टॉक एक्सचेंज खुले थे। इससे पहले 1 फरवरी, 2020 को शनिवार था। उस दिन भी यूनियन बजट पेश होने की वजह से मार्केट खुले थे। इससे पहले 28 फरवरी, 2015 को शनिवार को यूनियन बजट पेश हुआ था। उस दिन भी मार्केट खुले थे।