Stock Markets: शेयर मार्केट में 4 दिन बाद लौटी हरियाली, सेंसेक्स 447 अंक चढ़ा, निवेशकों ने ₹5. 42 लाख करोड़ कमाए – stock market snaps four day losing streak sensex jumps 447 points investors gain rs 5 42 lakh crore



Share Market Today: लगातार चार दिनों की गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजारों ने आज 19 दिसंबर को जोरदार वापसी की। अमेरिका में ब्याज दरें घटने की बढ़ी उम्मीद के बाद शेयर बाजार में आज चौतरफा खरीदारी देखने को मिली। सेंसेक्स 447.55 अंक या 0.53% की बढ़त के साथ 84,929.36 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 150.85 अंक या 0.58% चढ़कर 25,966.40 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी का 25,900 के ऊपर बंद होना तकनीकी रूप से बाजार के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

ब्रॉडर मार्केट ने दिखाई ज्यादा ताकत
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में इससे भी अधिक जोश देखने को मिली। BSE मिडकैप इंडेक्स करीब 1% चढ़कर बंद हुआ। वहीं BSE स्मॉलकैप इंडेक्स में भी 1% की तेजी दर्ज की गई। लगभग सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी हरे निशान में बंद हुए। ऑटो, फार्मा, ऑयल एंड गैस, रियल्टी, टेलीकॉम और हेल्थकेयर इंडेक्स 0.5% से 1% तक की बढ़त के साथ बंद हुए।

हफ्तेभर का लेखा-जोखा
हालांकि शुक्रवार की तेजी के बावजूद पूरे हफ्ते के आंकड़े थोड़े कमजोर रहे। इस सप्ताह BSE सेंसेक्स और निफ्टी 50 दोनों में करीब 0.3% की गिरावट दर्ज की गई। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सप्ताह के अंत में आई मजबूती से बाजार में अगली दिशा को लेकर कुछ भरोसा जरूर बना है।

निवेशकों ने ₹5. 42 लाख करोड़ कमाए
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 471.21 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 465.79 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 5.42 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 5. 42 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 26 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (Bharat Electronic) के शेयरों में 2.37 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद पावरग्रिड (Power Grid), टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल (TMPV), एशियन पेंट्स (Asian Paints) और रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के शेयर 1.34 फीसदी से लेकर 2.25 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के ये 4 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 4 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी एचसीएल टेक (HCL Tech) का शेयर 1.14 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं कोटक महिंद्रा बैंक (Kotak Mahindra Bank), आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) और सन फार्मा (Sun Pharma) के शेयरों में 0.02 फीसदी से लेकर 0.27 फीसदी तक की गिरावट रही।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

4,331 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,331 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,731 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 1,445 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 155 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 100 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 179 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।



Source link

Scroll to Top