
Stock in Focus: सरकारी कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) को स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) से लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (LoA) मिला है। इसके तहत पश्चिम बंगाल के बर्नपुर स्थित IISCO स्टील प्लांट में कैप्टिव पावर प्लांट लगना है।
यह ऑर्डर SAIL की 4.08 मिलियन टन प्रति वर्ष कच्चा इस्पात क्षमता बढ़ाने की परियोजना के तहत कैप्टिव पावर प्लांट (CPP-1) पैकेज से जुड़ा है। इस ऑर्डर की अनुमानित वैल्यू ₹1,200 करोड़ से ₹1,500 करोड़ के बीच है। इसमें GST शामिल नहीं है।
टर्नकी कॉन्ट्रैक्ट में क्या काम होगा
BHEL को मिला प्रोजेक्ट टर्नकी आधार पर होगा। इसके तहत BHEL डिजाइन, इंजीनियरिंग, निर्माण, उपकरणों की आपूर्ति, ट्रांसपोर्ट, अनलोडिंग, स्टोरेज जैसे काम करेगी। हालांकि, सिविल वर्क इस कॉन्ट्रैक्ट में शामिल नहीं है। प्रोजेक्ट को कॉन्ट्रैक्ट की प्रभावी तारीख से 39 महीनों के भीतर चालू करना होगा।
OFS को मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स
पिछले हफ्ते BHEL के ऑफर फॉर सेल (OFS) को पहले ही दिन 2.3 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। 9.4 करोड़ शेयर बिक्री के लिए रखे गए थे, जबकि 22 करोड़ से ज्यादा शेयरों के लिए बोलियां आईं। संस्थागत निवेशकों ने ₹5,650 करोड़ से ज्यादा की बोली लगाई। इससे इश्यू पहले ही दिन दो गुना से अधिक सब्सक्राइब हो गया। मजबूत मांग को देखते हुए सरकार ने ग्रीन शू विकल्प का इस्तेमाल करते हुए पूरी 5 प्रतिशत हिस्सेदारी बिक्री के लिए रख दी।
निवेश एवं लोक संपत्ति प्रबंधन विभाग (DIPAM) के सचिव अरुणीश चावला ने कहा कि OFS को जबरदस्त भागीदारी मिली और यह पहले दिन 2.3 गुना ओवरसब्सक्राइब हुआ। रिटेल निवेशकों और कर्मचारियों के लिए बोली 12 फरवरी 2026 को रखी गई थी।
BHEL के शेयरों का हाल
BHEL का शेयर मंगलवार 17 फरवरी को NSE पर 0.11 प्रतिशत की हल्की बढ़त के साथ ₹262.80 पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक 21.18% चढ़ा है। वहीं, 1 साल में इसने 35.68% का रिटर्न दिया है। इसने बीते 5 साल में 550% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। इसका मार्केट कैप 91.46 हजार करोड़ रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।