
Stock in Focus: भारी कर्ज और रेगुलेटरी दबाव से जूझ रही टेलीकॉम कंपनी Vodafone Idea Ltd को सेंट्रल गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (CGST) विभाग की अहमदाबाद साउथ इकाई से ₹637.91 करोड़ की पेनल्टी का आदेश मिला है। यह आदेश CGST एक्ट, 2017 के तहत अतिरिक्त आयुक्त के कार्यालय की ओर से जारी किया गया है।
वोडाफोन आइडिया पर क्या आरोप है?
वोडाफोन आइडिया ने सेबी लिस्टिंग रेगुलेशंस के रेगुलेशन 30 के तहत दी गई फाइलिंग में बताया कि यह आदेश CGST एक्ट की धारा 74 के तहत पारित किया गया है। आदेश में ₹6,37,90,68,254 की पेनल्टी के साथ टैक्स डिमांड और उस पर लगने वाला ब्याज भी शामिल है। यह आदेश Vodafone Idea को 31 दिसंबर 2025 को मिला।
Vodafone Idea के मुताबिक, यह मामला टैक्स की कम अदायगी और इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का ज्यादा फायदा लेने के आरोपों से जुड़ा है। कंपनी ने साफ किया है कि इस आदेश का अधिकतम वित्तीय असर टैक्स डिमांड, ब्याज और पेनल्टी की रकम तक ही सीमित रहेगा।
हालांकि, Vodafone Idea ने इस आदेश से असहमति जताई है। कंपनी ने कहा है कि वह इस फैसले के खिलाफ उचित कानूनी कदम उठाएगी। स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में कंपनी ने कहा कि वह आदेश को चुनौती देने के लिए सभी जरूरी कानूनी विकल्पों पर काम करेगी।
प्रमोटर Vodafone Group से मिलेगी राहत
इससे पहले Vodafone Idea ने यह भी बताया था कि उसे अपने प्रमोटर Vodafone Group से करीब ₹5,836 करोड़ की रकम मिलने वाली है। यह राशि दोनों कंपनियों के बीच हुए लायबिलिटी सेटलमेंट एग्रीमेंट में बदलाव के बाद मिलेगी।
संशोधित समझौते के तहत Vodafone Group अगले 12 महीनों में Vodafone Idea को ₹2,307 करोड़ नकद देगा। इसके अलावा प्रमोटर ने Vodafone Idea में अपनी पूरी 328 करोड़ शेयरों की हिस्सेदारी कंपनी के लाभ के लिए अलग की है। नए करार के मुताबिक, Vodafone Idea इन शेयरों को एक या एक से ज्यादा चरणों में बेचने के निर्देश दे सकती है। बिक्री से मिलने वाली पूरी रकम कंपनी को ट्रांसफर की जाएगी।
CLAM मैकेनिज्म से जुड़ा है समझौता
यह व्यवस्था 2017 में Vodafone India और Idea Cellular के विलय के समय बनाए गए Contingent Liability Adjustment Mechanism (CLAM) से जुड़ी है। यह मैकेनिज्म विलय से पहले की कानूनी, रेगुलेटरी, टैक्स और अन्य संभावित देनदारियों को कवर करता है। शुरुआत में Vodafone Group की अधिकतम जिम्मेदारी ₹8,369 करोड़ तय की गई थी, जिसे बाद में घटाकर ₹6,394 करोड़ किया गया था।
Vodafone Idea के मुताबिक, प्रमोटर से मिलने वाली यह रकम कंपनी को वित्तीय तौर पर बड़ी राहत दे सकती है। हालांकि, भारी कर्ज और लगातार बढ़ते रेगुलेटरी दायित्वों के बीच कंपनी की चुनौतियां अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं।
वोडाफोन आइडिया के शेयरों का हाल
वोडाफोन आइडिया के शेयर गुरुवार, 1 जनवरी को 8.09% की बढ़त के साथ 11.63 रुपये पर बंद हुए। 1 महीने में स्टॉक 17.12% चढ़ा है। 6 महीने में इसने 56.11% का रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 1.26 हजार करोड़ रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।