
Cartrade Tech Shares: कारट्रेड टेक के शेयरों में आज बिकवाली का भारी दबाव दिखा। यह दबाव ऐसे समय में आया है, जब कंपनी ने दिसंबर 2026 तिमाही के कारोबारी नतीजे पेश किए और खास बात ये है कि दिसंबर तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू और प्रॉफिट तेजी से बढ़ा है। सिर्फ यही नहीं, ऑपरेटिंग लेवल पर भी कंपनी का परफॉरमेंस दमदार रहा और मार्जिन तो रॉकेट की स्पीड से बढ़ा। इसके बावजूद तिमाही आधार पर रेवेन्यू ग्रोथ की सुस्त रफ्तार ने शेयरों पर दबाव बना दिया और निवेशक धड़ाधड़ बिकवाली करने लगे। यह दबाव इतना तेज रहा कि निचले स्तर पर खरीदारी के बावजूद शेयर संभल नहीं पाए और अब भी यह काफी कमजोर स्थिति में है। फिलहाल बीएसई पर यह 6.18% की गिरावट के साथ ₹2385.20 पर है। इंट्रा-डे में यह 10.71% टूटकर ₹2270.00 तक आ गया था।
Cartrade Tech Q3 Results: खास बातें
चालू वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही अक्टूबर-दिसंबर 2025 में कारट्रेड टेक का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 31.5% बढ़कर ₹56 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू भी 19% उछलकर ₹209.7 करोड़ पर पहुंच गया। इससे पहले सितंबर तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 25% की रफ्तार से बढ़ा था। अब ऑपरेटिंग लेवल पर बात करें तो दिसंबर 2025 तिमाही में सालाना आधार पर यह 56% की रफ्तार से बढ़कर ₹78 करोड़ पर पहुंच गया तो ऑपरेटिंग मार्जिन भी करीब 9 पर्सेंटेज प्वाइंट बढ़कर 37.2% पर पहुंच गया।
दिसंबर तिमाही के कारोबारी नतीजे के बाद कंपनी ने कहा कि औसतन हर महीने इसके यूनिक विजिटर्स करीब 8.5 करोड़ पर पहुंच गए जिनमें से 95% ट्रैफिक ऑर्गेनिक हैं। बता दें कि यह वही आंकड़ा है, जिसे सितंबर तिमाही के आखिरी में मैनेजमेंट ने पेश किया था। कंपनी ने 19 लाख के ऑक्शन लिस्टिंग्स की रीमार्केटिंग बिजनेस का एनुअलाइज्ड रन-रेट हासिल की जिससे गाड़ियों के रीमार्केटिंग स्पेस में अपनी लीडरशिप और मजबूत की।
अब तक कैसी रही शेयरों की चाल?
कारट्रेड टेक के शेयरों की घरेलू स्टॉक मार्केट में 20 अगस्त 2021 को एंट्री हुई थी। इसके ₹2,999 करोड़ के आईपीओ के तहत निवेशकों को ₹1618 के भाव पर शेयर जारी हुए थे। आईपीओ निवेशकों का काफी पैसा डुबोने के बाद इसने काफी रिकवरी की है और अब आईपीओ निवेशक तगड़े फायदे में हैं। 29 मार्च 2023 को यह ₹341.05 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया था जिससे उबरकर इसने धड़ाधड़ पैसे बरसाए। इस निचले स्तर से करीब ढाई साल में यह 865.06% उछलकर 17 नवंबर 2025 को ₹3,291.35 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया यानी कि निवेशकों की पूंजी महज ढाई साल में 9 गुना से अधिक बढ़ गई।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।