
Cupid Share Price: क्यूपिड लिमिटेड के शेयरों में आज 5 जनवरी को लगातार दूसरे दिन भारी गिरावट देखने को मिली। कंपनी के शेयर शुरुआती गिरावट में ही करीब 20 प्रतिशत तक 337.10 रुपये के स्तर पर आ गए। यह इसका पिछले एक महीने से भी अधिक समय का सबसे निचला स्तर है। क्यूपिड के शेयरों में यह गिरावट एक बड़े ब्लॉक डील के बाद आई।
ब्लूमबर्ग के मुताबिक, प्री-मार्केट ट्रेडिंग सेशन के दौरान कंपनी के करीब 21.3 लाख शेयरों का ब्लॉक डील के जरिए लेन-देन हुआ। हालांकि, इस सौदे में शामिल खरीदार और विक्रेता की पहचान तुरंत सामने नहीं आ सकी है। इसी ब्लॉक डील के बाद शेयर पर जबरदस्त दबाव बना और निवेशकों ने बिकवाली का रास्ता चुना।
हालांकि कंपनी ने एक्सचेंज पर कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं किया है, जिसे स्टॉक में पिछले दो दिनों से जारी तेज गिरावट का कारण माना जा सके। यह गिरावट ऐसे समय पर आई है, जब हाल ही में कंपनी ने सऊदी अरब में एक FMCG मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने की योजना को मंजूरी दी थी। यह यूनिट भारत के बाहर Cupid की पहली मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी होगी, जिसका मकसद कंपनी की FMCG ग्रोथ स्ट्रैटेजी को सपोर्ट करना और अंतरराष्ट्रीय बाजारों, खासकर गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल (GCC) क्षेत्र में अपनी मौजूदगी मजबूत करना है।
Cupid का कारोबार
साल 1993 में कारोबार शुरु करने वाली यह कंपनी पुरुष और महिला गर्भनिरोधक उत्पादों, वाटर-बेस्ड पर्सनल लुब्रिकेंट्स, IVD किट्स के साथ-साथ डियोड्रेंट, परफ्यूम, हेयर ऑयल, बॉडी ऑयल, पेट्रोलियम जेली और दूसरे FMCG उत्पादों का निर्माण और बिक्री करती है। कंपनी खुद को पब्लिक हेल्थ और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप नैतिक कारोबारी प्रक्रियाओं के लिए प्रतिबद्ध बताती है।
क्यूपिड ने हाल के सालों में रणनीतिक विस्तार के तहत FMCG सेगमेंट में अपनी मौजूदगी बढ़ाई है। कंपनी अब फ्रेगरेंस प्रोडक्ट्स जैसे Eau De Perfume, डियोड्रेंट और पॉकेट परफ्यूम, पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स जैसे टॉयलेट सैनिटाइजर, हेयर और बॉडी ऑयल, हेयर रिमूवल स्प्रे, फेस वॉश और दूसरे वेलनेस प्रोडक्ट्स पर भी फोकस कर रही है। इसके अलावा, मार्च 2024 में कंपनी ने महाराष्ट्र के पालवा में एक रणनीतिक लैंड एक्विजिशन भी पूरा किया था, जिससे उसकी उत्पादन क्षमता मौजूदा स्तर से करीब 1.5 गुना बढ़ाने की योजना है।
शेयरों का हाल
क्यूपिड के आज शुरुआती कारोबार में 19.73% तक टूटकर 337.10 रुपये के स्तर पर आ गए। यह 1 दिसंबर के बाद का इसका सबसे निचला स्तर है। हालांकि बाद में इसमें थोड़ी रिकवरी दिखी और सुबह 9:47 बजे यह शेयर 16.93% की गिरावट के साथ ₹348.85 पर ट्रेड करता नजर आया। इसके मुकाबले निफ्टी 50 में करीब 0.05% की मामूली तेजी दर्ज की गई। इससे पहले शुक्रवार को भी Cupid के शेयर 20% के लोअर सर्किट में बंद हुए थे।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।