
SRF Share Price: एसआरएफ के शेयरों में आज 17 फरवरी को तेज गिरावट देखने को मिली। कारोबार के अंत में कंपनी के शेयर 3.93 फीसदी की गिरावट के साथ 2,735.80 रुपये के स्तर पर बंद हुए। यह गिरावट इस खबर के बाद आई कि कंपनी की प्रमोटर, कामा होल्डिंग्स अपनी कुछ हिस्सेदारी बेचने को ओपन मार्केट के जरिए तैयारी कर रही है। दूसरी ओर कामा होल्डिंग्स के शेयर में 4 प्रतिशत से अधिक की तेजी रही और यह 2,651.30 रुपये पर बंद हुआ।
क्या है पूरा मामला?
कामा होल्डिंग्स ने शेयर बाजारों को भेजी जानकारी में बताया कि उसके बोर्ड ने SRF में अपनी अधिकतम 3 प्रतिशत हिस्सेदारी ओपन मार्केट में बेचने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। यह बिक्री मार्च 2027 तक चरणबद्ध तरीके से की जा सकती है। इस बिक्री के बाद प्रमोटर की हिस्सेदारी 50 प्रतिशत से नीचे आ जाएगी।
मौजूदा हिस्सेदारी कितनी?
दिसंबर तिमाही तक की शेयरहोल्डिंग पैटर्न के अनुसार कामा होल्डिंग्स के पास एसआरएफ में 50.21 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। यानी 3 प्रतिशत हिस्सेदारी बिकने के बाद प्रमोटर की हिस्सेदारी 50 प्रतिशत से नीचे आ सकती है, जो एक महत्वपूर्ण स्तर माना जाता है।
हालिया प्रदर्शन कैसा रहा?
SRF के शेयरों में पिछले एक सप्ताह में करीब 8 प्रतिशत की गिरावट आई है। पिछले एक महीने में शेयर लगभग 10 प्रतिशत कमजोर हुआ है। हालांकि लंबी अवधि में प्रदर्शन बेहतर रहा है। तीन साल में शेयर ने लगभग 18 प्रतिशत और पांच साल में 140 प्रतिशत से ज्यादा का रिटर्न दिया है।
कंपनी का मौजूदा पी/ई रेशियो 47 से ज्यादा है। इसका मार्केट कैप करीब 81,095.90 करोड़ रुपये है। SRF एक केमिकल आधारित मल्टी-बिजनेस कंपनी है। यह इंडस्ट्रियल और स्पेशियलिटी इंटरमीडिएट्स के निर्माण से जुड़ी है।
तिमाही नतीजे कैसे रहे?
वित्त वर्ष 2026 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में SRF ने 3,713 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया। इस अवधि में कंपनी का शुद्ध लाभ 433 करोड़ रुपये रहा। वहीं कामा होल्डिंग्स ने इसी तिमाही में 3,743 करोड़ रुपये के राजस्व पर 218 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध लाभ दर्ज किया।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।