
सोलर एनर्जी सेक्टर की कंपनी सोलरवर्ल्ड एनर्जी सॉल्यूशंस का शेयर 29 दिसंबर को दिन में लगभग 14 प्रतिशत तक चढ़ गया। BSE पर कीमत 300.80 रुपये के हाई तक गई। हालांकि बाद में शेयर थोड़ा नीचे आया। कंपनी ने शनिवार, 27 दिसंबर को शेयर बाजारों को बताया था कि उसे सरकारी कंपनी NTPC रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड से इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (EPC) बेसिस पर एक अहम प्रोजेक्ट मिला है। यह ऑर्डर ग्रिड कनेक्टेड सोलर फोटोवोल्टिक प्रोजेक्ट के डेवलपमेंट से जुड़ा है।
एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, यह एक 250 मेगावाट एसी (MWac) क्षमता वाला सोलर पीवी प्रोजेक्ट है। इस प्रोजेक्ट की कुल वैल्यू करीब 725.33 करोड़ रुपये है, जिसमें टैक्स भी शामिल है। इस प्रोजेक्ट को वित्त वर्ष 2026–27 के दौरान पूरा किया जाना है। यह रिलेटेड पार्टी ट्रांजेक्शन नहीं है।
सोलरवर्ल्ड एनर्जी सॉल्यूशंस सोलर पावर प्रोजेक्ट्स के लिए EPC सर्विसेज में विशेषज्ञता रखती है। कंपनी के प्रमोटर कार्तिक तेलतिया, ऋषभ जैन, मंगल चंद तेलतिया, सुशील कुमार जैन और अनीता जैन हैं। कंपनी में सितंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 65.67 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
कंपनी का शेयर 30 सितंबर को BSE पर 11 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 389 रुपये और NSE पर 10.68 प्रतिशत बढ़त के साथ 388.50 रुपये पर लिस्ट हुआ था। बाद में शेयर BSE पर 323.20 रुपये और NSE पर 322.60 रुपये पर बंद हुआ था। कंपनी का 490 करोड़ रुपये का आईपीओ 68.49 गुना भरा था। कंपनी का मार्केट कैप 2400 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर ने बीएसई पर अभी तक 389 रुपये का पीक देखा है।
कैसी है वित्तीय सेहत
सोलरवर्ल्ड एनर्जी सॉल्यूशंस की वित्तीय स्थिति की बात करें तो वित्त वर्ष 2025 में इनकम 9 प्रतिशत बढ़कर 551 करोड़ रुपये हो गई। एक साल पहले यह 505.50 करोड़ रुपये थी। शुद्ध मुनाफा 49 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 77 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो वित्त वर्ष 2024 में 51.69 करोड़ रुपये था। EBITDA 106.75 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2024 में 71 करोड़ रुपये था। कंपनी पर वित्त वर्ष 2025 में 114.55 करोड़ रुपये की उधारी थी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।