Silver Prices: एक महीने में 1 लाख रुपये महंगी हुई चांदी, टूटे सभी रिकॉर्ड, अब आगे कहां तक जा सकता है भाव? – silver prices rises rs 1 lakh per kg in just one month crosses rs 3 lakh mark what should investor do



Silver Prices: चांदी की कीमतों में मानो आग लगी हुई है। सिर्फ पिछले एक महीने में चांदी के भाव 1 लाख रुपये किलो तक बढ़ चुके हैं। सोमवार 19 जनवरी को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी का भाव पहली बार ₹3 लाख प्रति किलो के स्तर को पार कर गया। यह चांदी का नया ऑल टाइम हाई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी मजबूती के साथ 93 से 94 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रही है। कीमतों में आई इस तेजी का असर अब भारत में फिजिकल डिमांड पर साफ दिखाई देने लगा है।

सिल्वर मार्केट से जुड़े विशेषज्ञों के अनुसार, ऊंचे दामों की वजह से आम निवेशकों और खरीदारों की भागीदारी फिलहाल सीमित हो गई है। ‘अनमोल सिल्वर’ के सीईओ किशोर रूनवाल का कहना है कि मौजूदा ट्रेंड को देखते हुए चांदी की कीमतें आगे चलकर 3.30 लाख रुपये प्रति किलो तक भी पहुंच सकती हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि ऊंची कीमतों के कारण भारत में निवेशकों की सक्रियता फिलहाल कम है।

रूनवाल के मुताबिक, घरेलू बाजार में इस समय फिजिकल सिल्वर डिस्काउंट पर ट्रेड हो रही है। वहीं अमेरिका और चीन जैसे बड़े बाजारों में चांदी प्रीमियम पर बिक रही है। उन्होंने बताया कि चीन में चांदी लगभग 10,000 रुपये के प्रीमियम पर बिक रही है, जो ग्लोबल स्तर पर मजबूत मांग को दिखाता है।

कीमतों में उछाल का असर चांदी से बने सामानों की मांग पर भी पड़ा है। रूनवाल ने कहा कि सिल्वर आर्टिकल्स की मांग में गिरावट आई है। हालांकि, ऊंचे दामों की वजह से कुल कारोबार (टर्नओवर) लगभग पहले जैसा ही बना हुआ है, लेकिन वॉल्यूम के हिसाब से बिक्री घटी है।

उन्होंने यह भी बताया कि सिल्वर ज्वेलरी की मांग गोल्ड की तुलना में बेहतर बनी हुई है। जबकि निवेश के लिहाज से सिल्वर ETF में रुचि बढ़ी है। इसका मतलब यह है कि फिजिकल खरीद कम हो रही है, लेकिन वित्तीय निवेश के रूप में चांदी में दिलचस्पी कायम है।

इंपोर्ट के मोर्चे पर भी एक दिलचस्प ट्रेंड देखने को मिल रहा है। रूनवाल के अनुसार, ऊंची कीमतों के बावजूद भारत का सिल्वर इंपोर्ट मजबूत बना हुआ है और यह लगभग पिछले साल के स्तर के आसपास है। इसके उलट, सोने का इंपोर्ट घटा है, जो यह संकेत देता है कि निवेश और खपत के लिहाज से चांदी फिलहाल सोने की तुलना में ज्यादा आकर्षक बनी हुई है।

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।



Source link

Scroll to Top