
जापान की मित्सुबिशी UFJ फाइनेंशियल ग्रुप (MUFG) नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC) श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड में 20% हिस्सेदारी खरीदेगी। इसे लेकर MUFG ने 19 दिसंबर को एक बयान जारी किया। साथ ही श्रीराम फाइनेंस ने भी शेयर बाजारों को बताया कि उसके बोर्ड ने MUFG Bank से 3,96,17,98,28,781.15 रुपये का फंड जुटाने को मंजूरी दे दी है। MUFG Bank, MUFG की कंसोलिडेटेड सब्सिडियरी है।
MUFG और श्रीराम फाइनेंस एक स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप के लिए सहमत हुए हैं। इसके तहत MUFG, श्रीराम फाइनेंस के बोर्ड में दो डायरेक्टर नॉमिनेट करेगी। इस फैसले पर अभी रेगुलेटरी मंजूरियां लिया जाना बाकी है। ट्रांजेक्शन पूरा होने के बाद श्रीराम फाइनेंस, MUFG और MUFG Bank दोनों की इक्विटी मेथड एफिलिएट बन जाएगी।
श्रीराम फाइनेंस ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा है कि वह डील के तहत प्राइवेट प्लेसमेंट बेसिस पर प्रिफरेंशियल इश्यू के जरिए MUFG Bank को 2 रुपये फेस वैल्यू वाले 47,11,21,055 शेयर जारी करेगी। ये शेयर 840.93 रुपये प्रति शेयर के भाव पर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा कंपनी के बोर्ड ने 14 जनवरी 2026 को असाधारण आम बैठक किए जाने को भी मंजूरी दी है।
इस डील की घोषणा के बाद श्रीराम फाइनेंस का शेयर 3.6 प्रतिशत तक उछल गया। बीएसई पर शेयर ने 901.10 रुपये पर 52 वीक का नया हाई क्रिएट किया। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 1.69 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया है।