
Shayona Engineering IPO Listing: शायोना इंजीनियरिंग के शेयरों की आज BSE SME प्लेटफॉर्म पर फ्लैट एंट्री हुई। इसके आईपीओ को ओवरऑल 5 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹144 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी ₹144.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन (Shayona Engineering Listing Gain) नहीं मिला। आईपीओ निवेशकों को और झटका तब लगा, जब फ्लैट एंट्री के बाद शेयर टूट गए। टूटकर यह ₹137.50 (Shayona Engineering Share Price) पर आ गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 4.51% घाटे में हैं।
Shayona Engineering IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
शायोना इंजीनियरिंग का ₹15 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 22-27 जनवरी तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 5.43 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 3.33 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 9.30 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 3.73 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 10.32 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹3.79 करोड़ प्लांट और मशीनरी की खरीदारी, ₹2.17 करोड़ कर्ज हल्का करने, ₹4 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
Shayona Engineering के बारे में
वर्ष 2017 में बनी शायोना इंजीनियरिंग प्रिसिजन कास्टिंग्, मशीनिंग, डाईज एंड मोल्ड्स, इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन, हैवी फैब्रिकेशन, कास्टिंग, फॉर्जिंग, रिवर्स इंजीनियरिंग और टर्न्की प्रोजेक्ट मशीनरी के बिजनेस में है। इसके प्रोडक्ट्स में ट्यूब्यूलर कंवेइंग सिस्टम्स, डाई हेड ट्रॉलीज और मिक्सिंग मशीन्स, सीएनसी और वीएमसी मशीन्ड कंपोनेंट्स, हैवी मेटल फैब्रिकेशन सॉल्यूशंस, प्रोसेस ऑटोमेशन इक्विपमेंट हैं।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹61 लाख का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹1.71 करोड़ और फिर वित्त वर्ष 2025 में ₹2.42 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम भी सालाना 35% से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹23.18 करोड़ पर पहुंच गई। चालू वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो अप्रैल-नवंबर 2025 में कंपनी को ₹2.45 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹19.15 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हो चुका है। नवंबर 2025 के आखिरी में कंपनी पर ₹22.61 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹9.50 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।