Share Markets: क्रिसमस की छुट्टी से पहले गिरा शेयर बाजार, सेंसेक्स 116 अंक टूटा; ₹88,000 करोड़ डूबे – share markets sensex nifty falls before christmas sensex drops 116 points investors lost rs 88000



Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार बुधवार 24 दिसंबर को मामूली गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। क्रिसमस की छुट्टी से पहले बाजार में पूरे दिन एक सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव भरा कारोबार देखने को मिला। कारोबार के अंत में, सेंसेक्स 116.14 अंक या 0.14 फीसदी की गिरावट के साथ 85,408.70 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 35.05 अंक या 0.13 फीसदी गिरकर 26,142.10 के स्तर पर बंद हुआ। विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और चुनिंदा सेक्टर्स में मुनाफावसूली के चलते निवेशकों का सेंटीमेंट कमजोर बना रहा।

मीडिया और मेटल को छोड़ दें तो, लगभग सभी प्रमुख सेक्टोरल इंडेक्स भी लाल निशान में बंद हुए। सबसे अधिक गिरावट आईटी कंपनियों के शेयरों में देखने को मिली। निफ्टी आईटी इंडेक्स लगातार दूसरे दिन लाल निशान में बंद हुआ। वहीं ऑयल एंड गैस, फार्मा और PSU बैंक के इंडेक्स 0.4 फीसदी तक लुढ़क गए।

ब्रॉडर मार्केट में बीएसई मिडकैप इंडेक्स 0.3 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ। वहीं बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स सपाट रहा। शेयर बाजार में अगला कारोबार अब शुक्रवार 26 दिसंबर को होगा। 25 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर बजार में ट्रेडिंग बंद रहेगी।

निवेशकों के ₹88,000 करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज घटकर 474.82 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 475.70 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 88,000 करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 88,000 करोड़ रुपये की गिरावट आई है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 13 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें ट्रेंट (Trent) के शेयरों में 2.36 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद अल्ट्राटेक सीमेंट (Ultratech Cement), मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki), पावरग्रिड (Power Grid) और महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) के शेयर 0.34 फीसदी से लेकर 0.87 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 17 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी इंडिगो (Indigo) का शेयर 1.43 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं सन फार्मा (Sun Pharma), एशियन पेंट्स (Asian Paints), रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) और हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) के शेयरों में 0.80 फीसदी से लेकर 1.01 फीसदी तक की गिरावट रही।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

4,332 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,332 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,843 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,343 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 146 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 115 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 102 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।



Source link

Scroll to Top