Share Market Today: सेंसेक्स-निफ्टी लाल निशान में हुए बंद, निवेशकों के एक दिन में ₹22,000 करोड़ डूबे



Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों में आज 30 दिसंबर को एक और उतार-चढ़ाव भरा कारोबार देखने को मिला। सेंसेक्स और निफ्टी मामूली गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और कमजोर ग्लोबल संकेतों ने बाजार के सेंटीमेंट पर दबाव बनाए रखा। इसके अलावा फेडरल रिजर्व की दिसंबर बैठक के मिनट्स रिपोर्ट जारी होने से पहले भी निवेशत सतर्क दिखाई दिए। इस मिनट्स रिपोर्ट में अमेरिका में ब्याज दरों की चाल को लेकर संकेत मिलेगा।

कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 20.46 अंक या 0.02 प्रतिशत गिरकर 84,675.08 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 3.25 अंक या 0.01 प्रतिशत गिरकर 25,938.85 के स्तर पर बंद हुए। BSE मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी मामूली गिरावट के साथ लगभग सपाट बंद हुए।

सेक्टोरल मोर्चे पर मिलाजुला प्रदर्शन देखने को मिला। मेटल इंडेक्स और PSU बैंक में लगभग 2 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली। वहीं ऑटो इंडेक्स 1 प्रतिशत बढ़ा। हालांकि दूसरी ओर IT, रियल्टी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, हेल्थकेयर, डिफेंस सेक्टर के इंडेक्स 0.5% से 1% की गिरावट के साथ बंद हुए।

निवेशकों के ₹22,000 करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज घटकर 471.93 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 472.15 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 22,000 करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 22,000 करोड़ रुपये की गिरावट आई है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 12 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें टाटा स्टील (Tata Steel) के शेयरों में 2.03 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M), बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv), एक्सिस बैंक (Axis Bank) और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के शेयर 0.88 फीसदी से लेकर 2.00 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 18 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी इटरनल (Eternal) का शेयर 2.10 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं इंडिगो (Indigo), इंफोसिस (Infosys), एशियन पेंट्स (Asian Paints) और अल्ट्राटेक सीमेंट (Ultratech Cement) के शेयरों में 0.84 फीसदी से लेकर 1.37 फीसदी तक की गिरावट रही।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

4,347 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,347 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,921 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,258 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 168 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 108 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 195 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।



Source link

Scroll to Top