
Share Market Rise: भारतीय शेयर बाजारों ने मंगलवार 17 फरवरी को शुरुआती गिरावट के बाद शानदार वापसी की। आईटी शेयरों में खरीदारी से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों हरे निशान में लौट आए। सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 600 अंकों तक उछल गया। वहीं निफ्टी बढ़कर 25,700 के पार पहुंच गया। इससे पहले शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स एक समय 289.72 अंक गिरकर 82,987.43 पर आ गया था। वहीं निफ्टी 112.45 अंक टूटकर 25,570.30 पर फिसल गया। लेकिन दिन चढ़ने के साथ तस्वीर बदल गई।
सुबह करीब 11:50 बजे, सेंसेक्स 269.28 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83,546.43 पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी भी 51.55 अंक यानी 0.2 प्रतिशत चढ़कर 25,734.30 के स्तर पर पहुंच गया।
शेयर बाजार में आज की तेजी के पीछे 4 बड़ी वजह रहीं-
1. आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी
भारतीय आईटी कंपनियों के शेयरों में आज लगातार दूसरे दिन तेजी रही। पिछले हफ्ते भारी गिरावट के बाद निवेशकों ने वैल्यू बायिंग की। इंफोसिस ने एआई कंपनी एंथ्रोपिक (Anthropic) के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस खबर से AI सेक्टर में निवेशकों का भरोसा दोबारा लौटा है। निवेशकों को उम्मीद है कि भारतीय आईटी कंपनियां AI को अपनाकर नए अवसर पैदा करेंगी। इससे पूरे सेक्टर में पॉजिटिव माहौल बना।
2. इंडिया VIX में गिरावट
शेयर बाजार के निवेशकों में मौजूद अस्थिरता का संकेत देने वाला वोलैटेलिटी इंडेक्स, इंडिया VIX मंगलवार को 2 प्रतिशत से ज्यादा गिरकर 13.02 पर आ गया। वीआईएक्स में गिरावट का मतलब है कि शेयर बाजार में घबराहट कम हुई है। इससे निवेशकों का जोखिम लेने का रुझान बढ़ता है। यह तेजी के लिए पॉजिटिव संकेत माना जाता है।
3. रुपये में हल्की मजबूती
भारतीय रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 1 पैसा मजबूत होकर 90.73 पर पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से रुपये को सहारा मिला। हालांकि विदेशी निवेशकों की बिकवाली और मजबूत डॉलर ने बढ़त सीमित रखी।
4. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत मंगलवार को 0.41 प्रतिशत फिसलकर 68.37 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। भारत अपनी क्रूड ऑयल की जरूरत का एक बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात करता है। ऐसे में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट अर्थव्यवस्था और बाजार दोनों के लिए पॉजिटिव मानी जाती है। इससे महंगाई और चालू खाते के घाटे पर दबाव कम हो सकता है।
टेक्निकल चार्ट्स से क्या मिल रहे संकेत?
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ मार्केट स्ट्रैटजिस्ट्स आनंद जेम्स का कहना है कि सोमवार की तेज रैली के बाद शुरुआती कारोबार में खरीदार थोड़े सतर्क रह सकते हैं। चार्ट पर बुलिश एंगल्फिंग कैंडल पैटर्न बना है। यह आगे और तेजी का संकेत देता है। उन्होंने कहा कि 25,620 से 25,570 के बीच गिरावट पर खरीदारी आ सकती है। ऊपर की ओर 25,750 का स्तर बाधा बन सकता है। अगर यह पार होता है तो 25,900 का स्तर भी संभव है।
कुल मिलाकर, शुरुआती कमजोरी के बाद बाजार ने मजबूत वापसी दिखाई है। अब निवेशकों की नजर आईटी सेक्टर की चाल और ग्लोबल संकेतों पर रहेगी।
यह भी पढ़ें- Infosys Shares: जिस AI कंपनी से डर रहे थे निवेशक, इंफोसिस ने उसी से मिलाया हाथ; शेयर 3% उछले
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।