
Share Market Crash: भारतीय शेयर बाजारों में मंगलवार 20 जनवरी को हाहाकार का आलम रहा। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों 1 प्रतिशत से अधिक टूट गए। कारोबार के दौरान निफ्टी 25,200 के भी नीचे लुढ़कर अपने 4 महीने के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। इसके चलते निवेशकों की संपत्ति करीब 10 लाख करोड़ रुपये घट गई। ग्लोबल ट्रेड को लेकर तनाव, तीसरी तिमाही के मिले-जुले नतीजे और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली से बाजार पर गिरावट हावी रही।
निवेशकों के ₹9.90 लाख करोड़ डूबे
सेंसेक्स के 30 में से 29 शेयर लुढ़के
4,402 शेयरों में हुआ कारोबार
कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1,065.78 अंक या 1.28% की गिरावट के साथ 82,180.47 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 353 अंक या 1.38% टूटकर 25,232.50 के स्तर पर बंद हुआ। छोटे और मझोले शेयरों में भी भारी गिरावट दिखी। BSE Midcap और BSE Smallcap दोनों ही 2% से ज्यादा टूट गए। 700 से अधिक शेयर अपने 52-सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंच गए, जो निवेशकों के बीच छाई गहरी निराशा को दिखाता है।
सेक्टोरल फ्रंट पर भी हालात बेहद कमजोर रहे। सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। रियल्टी सेक्टर में सबसे ज्यादा मार देखने को मिली और यह करीब 5% टूट गया। इसके अलावा ऑटो, आईटी, मीडिया, मेटल, PSU बैंक, फार्मा, ऑयल एंड गैस और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर में 1.5% से 2.5% तक की गिरावट दर्ज की गई।
निवेशकों के ₹9.90 लाख करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज घटकर 455.78 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 465.68 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 9.90 लाख करोड़ रुपये कम हुआ है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 9.90 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।
सेंसेक्स के 30 में से 29 शेयर लुढ़के
शेयर बाजार में आज की इतनी तेज थी बीएसई सेंसेक्स के 30 में 29 शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी इटरनल (Eternal)का शेयर 4.02 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance), सन फार्मा (Sun Pharma), इंडिगो (Indigo) और ट्रेंट (Trent) के शेयरों में 2.89 फीसदी से लेकर 3.88 फीसदी तक की गिरावट रही।
दूसरी ओर सेंसेक्स का सिर्फ एक शेयर एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) बैंक आज 0.38 फीसदी की तेजी के साथ आज हरे निशान में बंद हुआ।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
4,402 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,402 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 783 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 3,498 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 121 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 65 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 713 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।