
Sensex Rise: भारतीय शेयर बाजारों में आज 5 मार्च को आखिरी घंटे में अचानक तेज उछाल देखने को मिली। बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स महज 20 मिनट के भीतर करीब 900 अंकों तक उछल गया। हालांकि बाद में इस तेजी का कुछ हिस्सा कम हो गया, लेकिन बाजार अंत में मजबूत बढ़त के साथ बंद हुआ।
दोपहर करीब 2:35 बजे सेंसेक्स 79,369 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इसके बाद अचानक खरीदारी बढ़ी और सिर्फ 20 मिनट के भीतर यानी करीब 2:55 बजे तक यह 900 अंक चढ़कर 80,259 के स्तर तक पहुंच गया।
क्या था तेजी का कारण?
इस खबर के बाद बाजार में तेजी से खरीदारी शुरू हो गई, क्योंकि निवेशकों को उम्मीद जगी कि अमेरिका-ईरान के बीच जारी तनाव कम हो सकता है। इस खबर का असर ग्लोबल बाजारों पर भी दिखा और वॉल स्ट्रीट फ्यूचर्स ने भी अपनी शुरुआती गिरावट से उबरकर स्थिर रुख दिखाया।
बाद में आई सफाई
हालांकि बाद में ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA ने स्पष्ट किया कि उप विदेश मंत्री का यह बयान अमेरिका के साथ पहले हुई परमाणु समझौते से जुड़ी बातचीत के संदर्भ में था, न कि मौजूदा युद्ध को खत्म करने के लिए। यह स्पष्टीकरण ऐसे समय आया जब पश्चिम एशिया में संघर्ष छठे दिन में प्रवेश कर चुका है।
रिपोर्टों के मुताबिक अमेरिका और इजरायल ने परमाणु समझौते पर बातचीत विफल होने के बाद ईरान के खिलाफ ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ नाम से संयुक्त सैन्य कार्रवाई शुरू की है। इस घटनाक्रम के बीच बाजार में तेजी कुछ कम हुई और सेंसेक्स अपने दिन के उच्च स्तर से करीब 300 अंक नीचे आ गया।
बाजार मजबूत बढ़त के साथ बंद
कारोबार के अंत में सेंसेक्स 899.71 अंक या 1.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 80,015.90 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 285.40 अंक या 1.17 प्रतिशत चढ़कर 24,765.90 के स्तर पर बंद हुआ। बाकी बाजार में भी तेजी रही। बीएसई पर कुल 2,644 शेयरों में तेजी दर्ज की गई, जबकि 1,430 शेयरों में गिरावट आई और 128 शेयर बिना किसी बदलाव के बंद हुए।
निवेशकों की नजर भू-राजनीतिक घटनाओं पर
एनालिस्ट्स का कहना है कि मौजूदा समय में बाजार की दिशा काफी हद तक पश्चिम एशिया में जारी घटनाओं पर निर्भर करेगी। युद्ध से जुड़ी किसी भी सकारात्मक या नकारात्मक खबर पर बाजार में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। कुल मिलाकर, गुरुवार का कारोबार इस बात का संकेत देता है कि भू-राजनीतिक खबरें फिलहाल ग्लोबल और घरेलू बाजारों की चाल तय करने में बड़ी भूमिका निभा रही हैं।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।