
RIL share price : अमेरिका द्वारा वेनेजुएला पर हमला करने और उसके राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को अगवा करने के बाद 5 जनवरी को तेल से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में जोरदार तेजी आई है। एनालिस्ट्स का कहना है कि बढ़ते तनाव से इन शेयरों को फायदा हो सकता है। ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ONGC) के शेयर सोमवार को शुरुआती ट्रेडिंग ऑवर में 2 प्रतिशत उछलकर 246.80 रुपये प्रति शेयर पर पहुंच गए और आज के निफ्टी 50 के टॉप गेनर्स में शामिल हो गए। इस बीच, रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के शेयर 1 प्रतिशत से ज़्यादा बढ़कर 1,611.8 रुपये प्रति शेयर के 52-हफ्ते के नए हाई पर पहुंच गए। रिलायंस इंडस्ट्रीज के स्टॉक में इस बढ़ोतरी से भारत की इस सबसे ज्यादा वैल्यू वाली कंपनी का मार्केट वैल्यू 22 लाख करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया है।
अमेरिका ने वेनेजुएला पर किया हमला
अमेरिका ने ‘एब्सोल्यूट रिज़ॉल्व’ ऑपरेशन चलाया, जिसमें वेनेजुएला में कई ठिकानों पर हवाई हमले किए गए और उसके राष्ट्रपति और फर्स्ट लेडी को पकड़ लिया गया। यह हमाला कई महीनों से चल रही मिलिट्री और आर्थिक नाकेबंदी के बाद किया गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “हम देश चलाएंगे,” और साथ ही कहा कि वह नहीं चाहते कि किसी दूसरे नेता के तहत भी मादुरो सिस्टम चलता रहे। उन्होंने अमेरिका के नेतृत्व में अंतरिम सत्ता हस्तांतरण की बात दोहराई, “हम तब तक देश चलाएंगे जब तक हम एक सुरक्षित, सही और समझदारी वाला बदलाव नहीं कर लेते।”
ट्रंप ने कहा,”हम देश को सही तरीके से चलाएंगे…इससे बहुत पैसा आएगा। उन्होंने हमारा तेल चुरा लिया,” और आगे कहा, “हम दूसरे देशों को बड़ी मात्रा में तेल बेचेंगे।”
कच्चे तेल में तेजी
सोमवार को तेल की कीमतें थोड़ी बढ़ी। निवेशक इस बात को लेकर असमंजस में हैं कि OPEC सदस्य वेनेजुएला में राजनीतिक उथल-पुथल से सप्लाई पर असर पड़ेगा या नहीं। हालांकि बाज़ार में सप्लाई अच्छी है। कुछ विश्लेषकों का मानना है कि इस घटना से तेल की कीमतें कम हो सकती हैं। जेफ़रीज़ का कहना है कि अमेरिका के संभावित अधिग्रहण से वेनेजुएला के कच्चे तेल के निर्यात पर लगे प्रतिबंध हट सकते हैं।
जेफ़रीज़ ने आगे कहा कि वेनेजुएला के तेल पर प्रतिबंध हटने से रिलायंस इंडस्ट्रीज़ ब्रेंट के मुकाबले 5–8 डॉलर प्रति बैरल सस्ता कच्चा तेल खरीद सकती है, जिससे उसका ग्रॉस रेवेन्यू मार्जिन बढ़ेगा। उसने यह भी कहा कि ONGC को सैन क्रिस्टोबल फील्ड से लगभग 50 करोड़ डॉलर का बकाया डिविडेंड मिल सकता है। जेफ़रीज़ ने आगे कहा कि हालांकि मीडियम-टर्म में कुछ जोखिम हो सकते हैं। लेकिन वेनेज़ुएला के उत्पादन में फिर से बढ़ोतरी से ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव पड़ सकता है।
(डिस्क्लेमर: नेटवर्क 18 मीडिया एंड इनवेस्टमेंट लिमिटेड पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का मालिकाना हक है। इसकी बेनफिशियरी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।