
फुटवियर कंपनी रेडटेप लिमिटेड के शेयरों में 12 फरवरी को दिन में लगभग 8 प्रतिशत तक की तेजी दिखी। बीएसई पर शेयर 138.75 रुपये के हाई तक गया। कंपनी के तिमाही नतीजे जारी होने के बाद शेयर में खरीद बढ़ी। हालांकि बाद में यह लगभग 1 प्रतिशत बढ़त के साथ 129.55 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में उसका शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 43 प्रतिशत बढ़कर 104.53 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले मुनाफा 73.07 करोड़ रुपये था।
ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू एक साल पहले से लगभग 19 प्रतिशत बढ़कर 786.55 करोड़ रुपये हो गया। दिसंबर 2024 तिमाही में यह 661.05 करोड़ रुपये था। खर्च 656.58 करोड़ रुपये के रहे, जो दिसंबर 2024 तिमाही में 570.61 करोड़ रुपये के थे।
दिसंबर 2025 तिमाही में रेडटेप लिमिटेड का EBITDA (Earnings Before Interest, Tax, Depreciation and Amortisation) सालाना आधार पर 36 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 170.6 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 125.5 करोड़ रुपये था। मार्जिन बढ़कर 21.7 प्रतिशत हो गया, जो दिसंबर 2024 तिमाही में 19 प्रतिशत था।
Redtape का शेयर एक साल में 25 प्रतिशत कमजोर
रेडटेप में दिसंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 71.79 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर एक साल में 25 प्रतिशत नीचे आया है। कंपनी का मार्केट कैप 7100 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 179.90 रुपये और एडजस्टेड लो 106.45 रुपये है।
रेडटेप अपनी पेरेंट कंपनी मिर्जा इंटरनेशनल से डीमर्ज होने के बाद एक अलग एंटिटी के तौर पर अगस्त 2023 में शेयर बाजार में लिस्ट हुई थी। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 2,018.46 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 184.48 करोड़ रुपये रहा था। रेडटेप BSE 1000 इंडेक्स का हिस्सा है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।