
Q3 Results: सरकारी कंपनी SJVN के तिमाही नतीजों काफी दमदार रहे। इसके शेयरों में भी जोरदार तेजी देखने को मिली।। रिजल्ट के बाद SJVN स्टॉक 7.80% चढ़कर 78.48 रुपये तक पहुंच गया था। कारोबार के अंत में शेयर 6.17% की बढ़त के साथ 77.29 रुपये पर बंद हुआ।
52 हफ्ते का दायरा और टेक्निकल संकेत
SJVN स्टॉक 2 फरवरी 2026 को 52 हफ्ते के निचले स्तर 68.17 रुपये तक गिरा था। वहीं, 19 मई 2025 को यह 52 हफ्ते के उच्च स्तर 107.50 रुपये पर पहुंचा था।
टेक्निकल नजरिए से देखें तो स्टॉक का रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स यानी RSI 46.5 पर है। इसका मतलब है कि शेयर फिलहाल न तो ओवरबॉट जोन में है और न ही ओवरसोल्ड जोन में। रिटर्न की बात करें तो SJVN स्टॉक ने तीन साल में 138% और पांच साल में 192% का शानदार रिटर्न दिया है।
Q3 में 50% बढ़ा नेट प्रॉफिट
SJVN ने तीसरी तिमाही में मजबूत वित्तीय प्रदर्शन दिखाया। इसका नेट प्रॉफिट 50% बढ़कर 224.4 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल की समान तिमाही में यह 149 करोड़ रुपये था।
ऑपरेशंस से होने वाला रेवेन्यू भी 61.3% बढ़कर 1082 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 671 करोड़ रुपये था।
EBITDA और मार्जिन का हाल
ऑपरेशनल स्तर पर EBITDA 57% बढ़कर 738 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही में 470 करोड़ रुपये था।
हालांकि EBITDA मार्जिन में हल्की गिरावट दर्ज की गई। Q3 में मार्जिन 68.2% रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 70% था।
अंतरिम डिविडेंड और फंड जुटाने की योजना
SJVN के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 1.15 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के अंतरिम डिविडेंड की घोषणा की है। डिविडेंड भुगतान के लिए रिकॉर्ड डेट 20 फरवरी 2026 तय की गई है।
इसके अलावा बोर्ड ने 1,000 करोड़ रुपये तक फंड जुटाने को भी मंजूरी दी है। यह रकम प्राइवेट प्लेसमेंट के जरिए अनसिक्योर्ड, रेटेड, टैक्सेबल, रिडीमेबल, नॉन कन्वर्टिबल और नॉन क्यूम्युलेटिव डिबेंचर्स जारी कर जुटाई जाएगी।
SJVN का बिजनेस क्या है?
SJVN लिमिटेड बिजली उत्पादन और उससे जुड़े टैरिफ कारोबार में सक्रिय है। कंपनी हाइड्रो, विंड और सोलर पावर के जरिए बिजली पैदा करती है। इसके अलावा कंसल्टेंसी, पावर ट्रांसमिशन और पावर ट्रेडिंग जैसे क्षेत्रों में भी इसकी मौजूदगी है। थर्मल पावर भी इसके बिजनेस का हिस्सा है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।