PSU Bank Stocks: सरकारी बैंकों के शेयर लगातार चौथे दिन लुढ़के, अब नए साल 2026 में होल्ड करें या बेचें? – psu bank stocks falls for fourth consecutive day what should investors do in 2026



PSU Bank Stocks: सरकारी बैंकों के शेयरों में सोमवार 29 दिसंबर को लगातार चौथे दिन गिरावट देखने को मिली। कारोबार के दौरान निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स 0.3 प्रतिशत फिसलकर 8,263.55 के स्तर पर आ गया। मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि PSU बैंकों के फंडामेंटल्स पहले की तुलना में कहीं ज्यादा मजबूत है। हालांकि इसके बावजूद नियर टर्म में इनके शेयरों में आगे भी उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

आगे क्या रहने वाला है रुख?

विभावंगल अनुकूलकरा प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर और मैनेजिंग डायरेक्टर सिद्धार्थ मौर्य के अनुसार, PSU बैंकों की एसेट क्वालिटी, कैपिटल एडिक्वेसी और बैलेंस शीट में बीते सालों में बड़ा सुधार हुआ है। हालांकि, हालिया तेजी के बाद अब वैल्यूएशन में कंसोलिडेशन का दौर शुरू हो गया है। उनका कहना है कि आने वाले समय में सेक्टर का प्रदर्शन स्टॉक-स्पेसिफिक रहेगा और इसमें बैंकों के तिमाही नतीजे और नीतिगत संकेतों की अहम भूमिका रहेंगी।

2025 में क्यों चमके PSU बैंक?

स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट के सीनियर टेक्निकल एनालिस्ट प्रवेश गौर का कहना है कि 2025 में PSU बैंक शेयरों ने बेंचमार्क इंडेक्सों से बेहतर प्रदर्शन किया। इसके पीछे कई मजबूत कारण रहे। उन्होंने बताया कि कई सालों तक बैलेंस शीट संकट से जूझने के बाद अब अधिकतर सरकारी बैंकों ने अपने बही-खाते साफ कर लिए हैं। ग्रॉस और नेट NPA मल्टी-ईयर लो पर आ गए हैं, जिससे क्रेडिट कॉस्ट घटी और मुनाफे में सुधार हुआ।

इसके अलावा इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग, MSME और रिटेल सेगमेंट से मजबूत लोन डिमांड ने ग्रोथ को सपोर्ट किया। बेहतर कैपिटल बफर के चलते बैंकों को बार-बार इक्विटी डायल्यूशन की जरूरत भी नहीं पड़ी।

वैल्यूएशन री-रेटिंग भी अहम वजह

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, लंबे समय तक प्राइवेट बैंकों की तुलना में भारी डिस्काउंट पर ट्रेड करने के बाद PSU बैंकों में 2025 के दौरान वैल्यूएशन री-रेटिंग देखने को मिली। सरकार से समर्थन, आर्थिक सुधारों की प्रक्रिया, डिजिटलीकरण और ऑपरेशनल एफिशिएंसी में सुधार ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया।

हालांकि, प्रवेश गौर ने यह भी आगाह किया कि अब रिटर्न सामान्य हो सकते हैं, क्योंकि री-रेटिंग का बड़ा हिस्सा पहले ही बाजार में शामिल हो चुका है। ऐसे में 2026 में सही स्टॉक का चुनाव सबसे अहम होगा।

2026 में निवेशकों को क्या करना चाहिए?

एनालिस्ट्स का मानना है कि लंबी अवधि के निवेशकों के लिए PSU बैंक अब भी आकर्षक रह सकते हैं, बशर्ते फोकस उन बैंकों पर हो जो लगातार मुनाफा बढ़ा रहे हों, मजबूत कैपिटल बफर रखते हों, और लेंडिंग में अनुशासन दिखा रहे हों। उन्होंने कहा कि 2026 का साल सेक्टर स्पेसिफिक न होकर स्टॉक-स्पेसिफिक रह सकता है। ऐसे में शेयर चुननने की रणनीति की अहम भूमिका रहेगा।

इन शेयरों में दिखी सबसे अधिक गिरावट

निफ्टी PSU बैंक इंडेक्स में जो शेयर शामिल हैं, उनमें सोमवार को सबसे अधिक गिरावट सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के शेयरों में दिखी, जो 1 प्रतिशत से ज्यादा टूटकर ₹36.47 पर आ गया। इसके अलावा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, बैंक ऑफ इंडिया और UCO बैंक के शेयरों में भी करीब 1 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

वहीं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा के शेयर मामूली नुकसान के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसके उलट केनरा बैंक और बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने गिरावट के बीच हल्की बढ़त दिखाई।

यह भी पढ़ें- Share Market Down: इन 5 कारणों से गिरा शेयर बाजार, सेंसेक्स दिन के हाई से 500 अंक टूटा, ये शेयर लुढ़के

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।



Source link

Scroll to Top