
नई लिस्ट हुई पाइन लैब्स का 3 महीने का शेयरहोल्डर लॉक-इन 10 फरवरी को खत्म हो रहा है। नुवामा अल्टरनेटिव एंड क्वांटिटेटिव रिसर्च के अनुसार, इसके बाद 3.97 करोड़ शेयर ट्रेड के लिए फ्री हो जाएंगे।
ये शेयर कंपनी की आउटस्टैंडिंग इक्विटी के 3% के बराबर हैं। सोमवार के मार्केट प्राइस के आधार पर ट्रेड के लिए फ्री होने वाले शेयरों की वैल्यू लगभग ₹865 करोड़ है।
यह ध्यान रखना जरूरी है कि किसी कंपनी का शेयरहोल्डर लॉक-इन खत्म होने का मतलब यह नहीं है कि ट्रेड के लिए फ्री होने वाले सभी शेयर ओपन मार्केट में बेच ही दिए जाएंगे। ये सिर्फ ट्रेड के लिए पात्र हो जाते हैं।
इससे पहले पाइन लैब्स का एक शेयरहोल्डर लॉक-इन 8 दिसंबर, 2025 को खत्म हुआ था। तब कंपनी के 1.98 करोड़ शेयर या 2% हिस्सेदारी ट्रेडिंग के लिए फ्री हुई थी।
इसके बाद 12 दिसंबर 2025 को पाइन लैब्स का एक महीने का शेयरहोल्डर लॉक-इन खत्म हुआ था। उस वक्त कंपनी के 3.97 करोड़ शेयर या 3% इक्विटी ट्रेडिंग के लिए फ्री हुई थी।
फिनटेक कंपनी Pine Labs 14 नवंबर 2025 को शेयर बाजार में लिस्ट हुई थी। इसका 3900.17 करोड़ रुपये का IPO 2.48 गुना भरा था। कंपनी का मार्केट कैप 25000 करोड़ रुपये के करीब है।
शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। कंपनी में पूरी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास है। शेयर 2 सप्ताह में 9 प्रतिशत नीचे आया है। कीमत फिलहाल IPO प्राइस 221 रुपये से नीचे है।
पाइन लैब्स का जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही में कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 5.97 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले कंपनी 32 करोड़ रुपये के घाटे में थी।
ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 649.90 करोड़ रुपये रहा। सितंबर 2024 तिमाही में यह 551.57 करोड़ रुपये था।