PhysicsWallah IPO Listing: ₹145 पर शुरू हुआ ₹109 के शेयरों का सफर – physicswallah ipo listing shares debut at 35 percent premium physicswallah share price jumps further



PhysicsWallah IPO Listing: दिग्गज एडुटेक कंपनी फिजिक्सवाला के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में धांसू एंट्री हुई। इसके आईपीओ को ओवरऑल 1.92 गुना बोली मिली थी। इसके आईपीओ के तहत ₹109 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE पर इसकी ₹143.10 और NSE पर ₹145.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को करीब 35% का लिस्टिंग गेन (PhysicsWallah Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर BSE पर यह ₹155.00 (PhysicsWallah Share Price) पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 42.20% मुनाफे में हैं। एंप्लॉयीज अधिक फायदे में हैं क्योंकि उन्हें हर शेयर ₹10 के डिस्काउंट पर मिला है।

PhysicsWallah IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च

फिजिक्सवाला का ₹3,480.71 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 11-13 नवंबर तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का मिला-जुला रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 1.92 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 2.86 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 0.51 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 1.14 गुना और एंप्लॉयीज का हिस्सा 3.71 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹3,100.71 करोड़ के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा ₹1 की फेस वैल्यू वाले 3,48,62,384 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिके हैं।

ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹460.55 करोड़ नए ऑफलाइन और हाइब्रिड सेंटर्स के फिटआउट, ₹548.31 करोड़ मौजूदा ऑफलाइन और हाइब्रिड सेंटर्स के लीज पेमेंट, ₹31.65 करोड़ जायलम (Xylem) के नए ऑफलाइन सेंटर्स के फिटआउट, ₹15.52 करोड़ जायलम के मौजूदा ऑफलाइन सेंटर्स और हॉस्टल्स के लीज पेमेंट, ₹28.00 करोड़ सब्सिडरी उत्कर्ष क्लासेज एंड एडुटेक के ऑफलाइन सेंटर्स के लीज पेमेंट्स को लेकर इसमें निवेश, ₹200.11 करोड़ सर्वर और क्लाउड से जुड़े इंफ्रा, ₹710.00 करोड़ मार्केटिंग, ₹26.50 करोड़ उत्कर्ष क्लासेज एंड एडुटेक में हिस्सेदारी बढ़ाने और ₹941.15 करोड़ अधिग्रहण और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।

PhysicsWallah के बारे में

इंजीनियरिंग, मेडिकल और सिविल सर्विसेज इत्यादि की तैयारी कराने वाली और डेटा साइंस और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट जैसे अपस्किलिंग कोर्सेज ऑफर करने वाली फिजिक्सवाला एक एडुटेक कंपनी है। यह सोशल मीडिया चैनल, वेबसाइट और ऐप के जरिए ऑनलाइन सर्विसेज ऑफर करती है तो साथ ही ऑफलाइन सेंटर्स और हाइब्रिड सेंटर्स भी चलाती है। रेवेन्यू के मामले में देश के 5 सबसे बड़ी एडुटेक कंपनियों में शुमार है।

कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार घाटे में चल रही है। वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹84.08 करोड़ का शुद्ध घाटा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹1,131.13 करोड़ पर पहुंच गया लेकिन अगले ही वित्त वर्ष 2025 में यह घटकर ₹243.26 करोड़ रह गया। हालांकि इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम लगातार बढ़ी और सालाना यह 98% से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹3,039.09 करोड़ पर पहुंच गई। चालू वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो पहली तिमाही अप्रैल-जून 2025 में कंपनी को ₹127.01 करोड़ का शुद्ध घाटा और ₹905.41 करोड़ की टोटल इनकम हासिल हो चुकी है। जून 2025 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹1.55 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹787.92 करोड़ पड़े थे।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।



Source link

Scroll to Top