
ज्वैलरी सेक्टर की कंपनी पीसी ज्वैलर लिमिटेड के निवेशकों के लिए 5 जनवरी का दिन काफी अच्छा साबित हुआ। दिन में शेयर की कीमत बीएसई पर पिछले बंद भाव से लगभग 9 प्रतिशत तक चढ़ी और 10.42 रुपये के हाई तक गई। बाद में शेयर 7 प्रतिशत से ज्यादा बढ़त के साथ 10.26 रुपये पर सेटल हुआ। इसकी वजह रही कंपनी का दिसंबर 2025 तिमाही में अच्छा बिजनेस। पीसी ज्वैलर का स्टैंडअलोन रेवेन्यू अक्टूबर-दिसंबर तिमाही के दौरान 37 प्रतिशत बढ़ा। त्योहारी सीजन और शादी के सीजन में अच्छी डिमांड इसका प्रमुख कारण रही।
कंपनी का कहना है कि दिसंबर 2025 तिमाही के दौरान उसने उत्तर प्रदेश सरकार के डायरेक्टरेट ऑफ इंडस्ट्रीज एंड एंटरप्राइजेज प्रमोशन को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (CMYUVA) योजना के तहत एक प्रपोजल सौंपा। इस प्रपोजल का मकसद ग्रामीण और अर्धशहरी इलाकों में ट्रेंड सुनार उद्यमियों को सपोर्ट करना है। इसके तहत कंपनी उन्हें 1000 ज्वेलरी रिटेल फ्रेंचाइजी यूनिट्स स्थापित करने में मदद करेगी। यह राज्य सरकार की उद्यमिता, स्किल डेवलपमेंट और लोकल रोजगार पैदा करने की पॉलिसी के मुताबिक है।
कंपनी ने बताया कि इस प्रपोजल को CM-YUVA पोर्टल पर फ्रेंचाइजी ब्रांड के तौर पर ऑन-बोर्डिंग के लिए मंजूरी मिल गई है। पीसी ज्वैलर ने उत्तर प्रदेश सरकार के MSME और एक्सपोर्ट प्रमोशन डिपार्टमेंट के तहत CM YUVA मिशन के साथ एक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग भी साइन किया है। कंपनी ने यह भी कहा है कि वह आने वाले समय में कर्ज-मुक्त स्टेटस हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।
6 महीनों में PC Jeweller का शेयर 40 प्रतिशत टूटा
PC Jeweller का मार्केट कैप 7400 करोड़ रुपये हो गया है। कंपनी में सितंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 37.60 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर 6 महीनों में लगभग 40 प्रतिशत नीचे आया है। 3 महीनों में कीमत 23 प्रतिशत फिसली है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। शेयर का बीएसई पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 19.65 रुपये और एडजस्टेड लो 8.66 रुपये है।
पीसी ज्वैलर का जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 825.25 करोड़ रुपये रहा। इस बीच शुद्ध मुनाफा 207.82 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2025 के दौरान कंपनी का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 2,243.25 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 575 करोड़ रुपये रहा।