Ola Electric Shares: ओला इलेक्ट्रिक के शेयर फिर जाएंगे ₹50 के पार? 2026 में अब तक 16% उछला भाव – ola electric share price jumps 8 percent today surgers 16 percent in 2026 so far



Ola Electric Shares: ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के शेयरों नए साल 2026 की शुरुआत से ही जबरदस्त तेजी देखी जा रही है। कंपनी के शेयर आज 5 जनवरी को बीएसई पर 8.2 प्रतिशत तक उछलकर ₹44.28 के स्तर पर पहुंच गए। इसके साथ ही 2026 के पहले तीन कारोबारी दिन में यह शयेर अब तक करीब 16 प्रतिशत उछल चुका है। निवेशकों में यह उत्साह कंपनी के कारोबार में टर्नअराउंड के शुरुआती संकेतों के बाद आया है।

टर्नअराउंड की उम्मीद से बढ़ा भरोसा

पिछले कुछ महीनों में सर्विस बैकलॉग और ऑपरेशनल चुनौतियों से जूझने के बाद ओला इलेक्ट्रिक ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है। कंपनी का कहना है कि उसके सर्विस ट्रांसफॉर्मेशन प्रोग्राम के शुरुआती नतीजे पॉजिटिव रहे हैं। मांग में सुधार, बेहतर कस्टमर एक्सपीरियंस और बढ़ती बाजार हिस्सेदारी ने निवेशकों का भरोसा दोबारा मजबूत किया है।

दिसंबर में बाजार हिस्सेदारी में इजाफा

ओला इलेक्ट्रिक ने पिछले हफ्ते शेयर बाजारों को भेजी एक जानकारी में बताया कि दिसंबर 2025 में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट में उसकी बाजार हिस्सेदारी मंथली आधार पर बढ़कर 9.3 प्रतिशत हो गई है। VAHAN डेटा के मुताबिक, दिसंबर में कंपनी ने 9,020 यूनिट्स का रजिस्ट्रेशन दर्ज किया। नवंबर 2025 में यह हिस्सेदारी 7.2 प्रतिशत थी।

इसके अलावा दिसंबर 2025 के दूसरे पखवाड़े में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी और बढ़कर करीब 12 प्रतिशत तक पहुंच गई, जो मांग में साफ सुधार का संकेत देती है। ओला इलेक्ट्रिक ने यह भी बताया कि उसने तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पंजाब और हरियाणा जैसे प्रमुख राज्यों में दोबारा टॉप-3 ईवी खिलाड़ियों में अपनी जगह बना ली है।

सर्विस सुधार और नए प्रोडक्ट्स पर फोकस

कंपनी ने बताया कि उसने हाई-बैकलॉग वाले इलाकों में 250 सदस्यों की एक रैपिड रिस्पॉन्स टेक्निशियन टीम तैनात की है, ताकि लंबित सर्विस मामलों का जल्द निपटारा किया जा सके और ग्राहकों को बेहतर अनुभव मिले।

सर्विस रिकवरी के साथ-साथ ओला इलेक्ट्रिक ने नवंबर 2025 से अपनी 4680 भारत सेल से लैस S1 Pro+ 5.2 kWh स्कूटर की डिलीवरी भी शुरू कर दी है। इसके अलावा, दिसंबर 2025 में कंपनी को अपने 4680 भारत सेल-पावर्ड रोडस्टर X+ मोटरसाइकिल के लिए सरकारी सर्टिफिकेशन भी मिल गया।

अब भी शिखर से 73% नीचे है शेयर

हालांकि हालिया तेजी के बावजूद ओला इलेक्ट्रिक के शेयर अब भी अपने एक साल के उच्चतम स्तर ₹83 से करीब 48 प्रतिशत नीचे कारोबार कर रहे हैं। 2025 में कंपनी के शेयरों में 58 प्रतिशत की बड़ी गिरावट देखने को मिली। यह नए जमाने की टेक कंपनियों में सबसे खराब प्रदर्शन रहा। अपने पोस्ट-लिस्टिंग हाई ₹157.40 से देखें तो शेयर अभी भी करीब 73 प्रतिशत टूट चुका है और यह अपने इश्यू प्राइस ₹76 से लगभग 43 प्रतिशत नीचे है।

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।



Source link

Scroll to Top