
Ola Electric Shares: ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric Mobility) के शेयरों में मंगलवार, 30 दिसंबर को 3% से ज्यादा की तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान शेयर इंट्रा डे में ₹36.70 तक पहुंच गया। यह उछाल तब आया, जब भाविश अग्रवाल (Bhavish Aggarwal) के नेतृत्व वाली कंपनी की फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल Roadster X+ (9.1 kWh) को सरकारी मंजूरी मिल गई। दोपहर 3.10 बजे तक ओला इलेक्ट्रिक के शेयर 3.53% की बढ़त के साथ 36.68 रुपये पर कारोबार कर रहे थे।
इस मोटरसाइकिल को सेंट्रल मोटर व्हीकल रूल्स (CMVR), 1989 के तहत सर्टिफिकेशन मिला है। यह मंजूरी इंटरनेशनल सेंटर फॉर ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी (iCAT), मानेसर ने दी है, जो केंद्र सरकार की एक टेस्टिंग एजेंसी है।
नए सर्टिफिकेशन से क्या बदलेगा
इस सर्टिफिकेशन के बाद Ola Electric अब Roadster X+ (9.1 kWh) की डिलीवरी शुरू करेगी। कंपनी के मुताबिक, यह एक बड़ी उपलब्धि है। क्योंकि यह भारत की पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल है, जिसे पूरी तरह इन-हाउस डेवलप की गई 4680 Bharat Cell बैटरी पैक के साथ सर्टिफिकेशन मिला है।
500 किलोमीटर रेंज का दावा
ओला इलेक्ट्रिक का दावा है कि Roadster X+ एक बार चार्ज करने पर 500 किलोमीटर तक की रेंज देता है। यह लंबी रेंज कंपनी की स्वदेशी 4680 Bharat Cell टेक्नोलॉजी की हाई एनर्जी डेंसिटी और बेहतर थर्मल परफॉर्मेंस की वजह से मुमकिन हो पाई है।
यह एक्सटेंडेड रेंज खास तौर पर मेट्रो शहरों से बाहर, यानी टियर-2 और टियर-3 शहरों को ध्यान में रखकर डिजाइन की गई है। इन इलाकों में लंबी दूरी और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी EV अपनाने में अब तक बड़ी रुकावट रही है।
बैटरी पैक को भी मिली अलग मंजूरी
Ola Electric ने यह भी बताया कि उसकी 9.1 kWh हाई एनर्जी-डेंसिटी बैटरी पैक को हाल ही में Automotive Research Association of India (ARAI) से AIS-156 Amendment 4 के तहत सर्टिफिकेशन मिल चुका है।
28 दिसंबर को कंपनी ने बताया था कि उसने 4680 Bharat Cell से लैस S1 Pro+ (5.2 kWh) की डिलीवरी को तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना और कर्नाटक में तेज कर दिया है। कोयंबटूर, कोच्चि और हैदराबाद में डिलीवरी शुरू हो चुकी है, जबकि बेंगलुरु में पहले से चल रही डिलीवरी को और बढ़ाया गया है।
PLI स्कीम से जुड़ी बड़ी मंजूरी
पिछले हफ्ते, बेंगलुरु स्थित कंपनी ओला इलेक्ट्रिक ने यह भी बताया कि उसे Ministry of Heavy Industries से ₹366.78 करोड़ के इंसेंटिव की मंजूरी मिली है। यह रकम PLI स्कीम के तहत FY25 की तय बिक्री वैल्यू के लिए दी जाएगी। इस इंसेंटिव का भुगतान IFCI Limited के जरिए किया जाएगा।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।