
ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के शेयरों में 26 दिसंबर को शुरुआती कारोबार में 5.4 प्रतिशत तक की तेजी आई। बीएसई पर शेयर 37.28 रुपये के हाई तक गया। शेयर में खरीद बढ़ने की अहम वजह है कि कंपनी को ऑटोमोबाइल और ऑटो कंपोनेंट्स के लिए प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव स्कीम (PLI-ऑटो स्कीम) के तहत 366.78 करोड़ रुपये का इंसेंटिव जारी किया जाने वाला है। सरकार ने कंपनी के वित्त वर्ष 2024-25 से संबंधित दावों के लिए यह इंसेंटिव जारी किए जाने का निर्देश दिया है। यह पेमेंट ऑर्डर वित्त वर्ष 2024-25 के लिए तय सेल्स वैल्यू पर बेस्ड डिमांड इंसेंटिव के तहत है।
ओला इलेक्ट्रिक को पेमेंट आईएफसीआई लिमिटेड के माध्यम से किया जाएगा, जो PLI स्कीम के तहत फंड डिस्ट्रीब्यूशन लिए नामित वित्तीय संस्थान है। कंपनी ने बयान में कहा कि यह उपलब्धि एडवांस्ड व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग सिस्टम में ओला इलेक्ट्रिक के योगदान को मजबूती देती है।
ओला इलेक्ट्रिक के प्रवक्ता के मुताबिक, “PLI-ऑटो स्कीम के तहत 366.78 करोड़ रुपये के इंसेंटिव को मंजूरी से हमारी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को मजबूत सपोर्ट मिलता है। साथ ही यह भारत में विश्व स्तरीय ईवी टेक्नोलॉजी खड़ी करने की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।” PLI स्कीम सरकार की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को मजबूत करना, एडवांस्ड व्हीकल टेक्नोलॉजी को बढ़ावा देना, साथ ही वाहन और वाहन कलपुर्जा क्षेत्र में भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धा क्षमता को बढ़ाना है।
Ola Electric शेयर एक साल में 61 प्रतिशत टूटा
ओला इलेक्ट्रिक अगस्त 2024 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका IPO प्राइस 76 रुपये था। शेयर इस प्राइस से 53 प्रतिशत नीचे है। कंपनी का मार्केट कैप 16000 करोड़ रुपये है। शेयर एक साल में 60 प्रतिशत से ज्यादा कमजोर हुआ है। 3 महीनों में कीमत 33 प्रतिशत लुढ़की है। शेयर को कवर करने वाले 8 एनालिस्ट्स में से 3 ने ‘बाय’ रेटिंग बरकरार रखी है। एक ने ‘होल्ड’ और 4 ने ‘सेल’ रेटिंग दी है।
हाल ही में ओला इलेक्ट्रिक की सब्सिडियरी ओला इलेक्ट्रिक टेक्नोलोजिज प्राइवेट लिमिटेड (OET) ने ₹100 करोड़ के Optionally Convertible Redeemable Preference Shares (OCRPS) के अलॉटमेंट को मंजूरी दी। इसके तहत Ola Cell Technologies Private Limited को कुल 10 करोड़ OCRPS जारी किए गए हैं। ओला इलेक्ट्रिक के मुताबिक, यह ₹100 करोड़ का फंड एक साथ नहीं बल्कि अलग-अलग चरणों में Ola Cell Technologies में डाला जाएगा।