Nifty Outlook: 14 जनवरी को कैसी रहेगी निफ्टी की चाल, कौन से लेवल रहेंगे अहम; जानिए एक्सपर्ट से – nifty outlook january 14 market levels support resistance expert view earnings and ipo triggers



Nifty Outlook: भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को ज्यादातर समय दबाव में रहा, लेकिन दिन के आखिरी घंटे में जोरदार रिकवरी देखने को मिली। लगातार बिकवाली के बावजूद निफ्टी 50 अहम 25,700 के स्तर के ऊपर टिकने में कामयाब रहा।

अब बुधवार, 14 जनवरी को निफ्टी की चाल कैसी रहेगी, कौन से लेवल अहम रहेंगे, इसे एक्सपर्ट से समझेंगे। लेकिन, पहले जान लेते हैं कि मंगलवार को बाजार में क्या खास हुआ।

निफ्टी का पूरा दिन का सफर

निफ्टी ने दिन की शुरुआत 107 अंकों की बढ़त के साथ की थी। शुरुआती कारोबार में यह 25,891 के पास पहुंचा, जहां इसे 50-दिवसीय एक्सपोनेंशियल मूविंग एवरेज का रेजिस्टेंस मिला। इसके बाद बिकवाली बढ़ी और इंडेक्स फिसलने लगा। आखिरकार निफ्टी 57 अंक की गिरावट के साथ 25,732 पर बंद हुआ।

दिन के दौरान बिकवाली इतनी तेज रही कि निफ्टी 25,603 के इंट्राडे लो तक चला गया था। हालांकि, अंतिम एक घंटे में 150 अंकों से ज्यादा की तेजी ने नुकसान को काफी हद तक कम कर दिया।

किन शेयरों में मजबूती, किन पर दबाव

निफ्टी के शेयरों में ONGC, Eternal और ICICI Bank ने बढ़त के साथ बाजार को सहारा दिया। दूसरी ओर Trent, Larsen & Toubro और Dr Reddy’s में बिकवाली हावी रही और ये शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

सेक्टोरल स्तर पर बाजार में साफ बंटवारा दिखा। PSU बैंक, मीडिया और IT सेक्टर में मजबूती देखने को मिली। वहीं कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, रियल्टी और फार्मा शेयरों में मुनाफावसूली के चलते दबाव रहा।

निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 0.20 फीसदी की मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ। इसके उलट स्मॉलकैप 100 इंडेक्स ने बाजार की कमजोरी को नजरअंदाज करते हुए 0.6 फीसदी की बढ़त दर्ज की।

अब किन फैक्टर पर रहेगी बाजार

अब निवेशकों की नजर आने वाले तिमाही नतीजों पर रहेगी। Infosys, Groww Venture, HDB Financial Services, HDFC AMC, ICICI Prudential AMC, Indian Overseas Bank, Waaree Renewables Technologies, Union Bank of India और Anand Rathi Share and Stock Brokers जैसी कंपनियां अपने नतीजे पेश करने वाली हैं।

बुधवार को ₹1,071 करोड़ के Bharat Coking Coal Ltd IPO का अलॉटमेंट होने वाला है। यह Coal India की सब्सिडियरी कंपनी है और इसके IPO को लेकर बाजार में पहले से ही काफी चर्चा बनी हुई है।

निफ्टी पर एक्सपर्ट की राय

HDFC Securities के टेक्निकल एनालिस्ट नागराज शेट्टी का मानना है कि मौजूदा स्तरों से निफ्टी में आगे तेजी की गुंजाइश बनी हुई है। उनके मुताबिक, आने वाले सत्रों में निफ्टी 25,900-26,000 के रेजिस्टेंस जोन को पार कर सकता है। उन्होंने 25,600 के आसपास मजबूत सपोर्ट बताया है।

Religare Broking के अजीत मिश्रा ने कहा कि वीकली एक्सपायरी वाले दिन बाजार में उतार-चढ़ाव बना रहा और निफ्टी मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ। उनके मुताबिक, बाजार की चाल फिलहाल दो ताकतों के बीच खींचतान को दिखा रही है। एक तरफ तिमाही नतीजों से जुड़ी प्रतिक्रियाएं और दूसरी ओर वैश्विक अनिश्चितता।

Religare Broking ने निफ्टी पर फिलहाल सतर्क रुख बनाए रखा है। ब्रोकरेज की सलाह है कि जब तक निफ्टी 26,000 के स्तर को मजबूती से वापस हासिल नहीं कर लेता, तब तक ‘उछला पर बेचने’ की रणनीति अपनाई जाए। अगर निफ्टी 25,600 के पास मौजूद 100-डे EMA के नीचे फिसलता है, तो गिरावट 25,400 तक गहरी हो सकती है।

HDFC Securities के नंदीश शाह के मुताबिक, निफ्टी में दोबारा रफ्तार आने के लिए 25,900 के आसपास मौजूद 50-डे EMA को पार करना जरूरी है। वहीं, 25,473 का हालिया स्विंग लो निकट अवधि में अहम सपोर्ट के तौर पर काम कर सकता है।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।



Source link

Scroll to Top