
Neochem Bio IPO Listing: स्पेशल्टी परफॉरमेंस केमिकल्स बनाने वाली नियोकेम बॉयो के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में NSE SME पर 10% से अधिक प्रीमियम पर एंट्री हुई। इसके आईपीओ को भी निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और इसे ओवरऑल 15 गुना से अधिक बोली मिली थी। इसके आईपीओ के तहत ₹98 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी ₹108.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 10.20% का लिस्टिंग गेन (Neochem Bio Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर यह ₹110.00 (Neochem Bio Share Price) पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 12.24% मुनाफे में हैं।
Neochem Bio IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
नियोकेम बॉयो का ₹44.97 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 2-4 दिसंबर तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 15.52 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 21.97 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 21.15 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 9.42 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 45,88,800 नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹23.90 करोड़ लॉन्ग-टर्म की वर्किंग कैपिटल की जरूरतों, ₹10.00 करोड़ कर्ज हल्का करने और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
Neochem Bio के बारे में
वर्ष 2006 में बनी नियोकेम बॉयो सॉल्यूशंस स्पेशल्टी परफॉरमेंस केमिकल्स बनाती है। इसके प्रोडक्टस एसेंशियल की कैटेगरी में आते हैं और इनका इस्तेमाल टेक्सटाइल और गारमेंट वॉशिंग, होम एंड पर्सनल केयर (HPC), इंस्टीट्यूशनल और इंडस्ट्रियल क्लीनर्स, वाटर ट्रीटमेंट, पेंट्स और कोटिंग, पेपर और पल्प, कंस्ट्रक्शन, रबर और डाईज और पिगमेंट्स जैसी इंडस्ट्रीज में होता है। इसकी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी अहमदाबाद के साणंद में साकेत इंडस्ट्रियल स्टेट में स्थित है जिसकी सालाना क्षमता 22 हजार टन है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹1.07 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹1.80 करोड़ और वित्त वर्ष 2025 में ₹7.75 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम सालाना 32% से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹86.15 करोड़ पर पहुंच गई। चालू वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2025 में कंपनी को ₹5.48 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹47.18 करोड़ की टोटल इनकम हासिल हो चुकी है। साथ ही सितंबर 2025 के आखिरी में कंपनी पर ₹38.54 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹19.70 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।