
Metals Stocks: मेटल कंपनियों के शेयरों में आज गुरुवार 8 जनवरी को तेज गिरावट देखने को मिली। हिंदुस्तान जिंक, हिंदुस्तान कॉपर, NALCO और वेदांता समेत कई दिग्गज मेटल कंपनियों के शेयर शुरुआती कारोबार में 5 फीसदी तक टूट गए। इस गिरावट के पीछे मुनाफावसूली को बड़ा कारण माना जा रहा है। मेटल शेयरों में पिछले कुछ समय से जोरदार तेजी देखी जा रही था। कई शेयर अपने रिकॉर्ड हाई या मल्टी-ईयर हाई तक पहुंच गए थे, जिसके बाद आज निवेशकों ने मुनाफा निकालना शुरू किया।
निफ्टी मेटल इंडेक्स के सभी 15 शेयर कारोबार के दौरान लाल निशान में रहे। इससे यह इंडेक्स आज सभी सेक्टोरल इंडेक्स में सबसे अधिक गिरावट वाला इंडेक्स बन गया। सबसे अधिक गिरावट हिंदुस्तान जिंक के शेयरों में देखने को मिली, जो करीब 5 फीसदी तक टूट गया। यह शेयर पिछले चार दिवों में से तीन दिन गिरावट दर्ज कर चुका है। हालांकि इससे पहले दिसंबर महीने में वेदांता ग्रुप की इस कंपनी के शेयरों ने करीब 26 फीसदी का जबरदस्त रिटर्न दिया था।
हिंदुस्तान जिंक भारत की इकलौती लिस्टेड कंपनी है, जो सीधे तौर पर सिल्वर (चांदी) थीम से जुड़ी हुई है। ऐसे में सिल्वर की कीमतों में गिरावट का असर इस शेयर पर भी सीधा दिख रहा है।
ग्लोबल ब्रोकरेज सिटी (Citi) के मुताबिक, ब्लूमबर्ग कमोडिटी इंडेक्स के सालाना री-बैलेंसिंग एक्सरसाइज के तहत चांदी में करीब 7 अरब डॉलर तक की निकासी हो सकती है। यह री-बैलेंसिंग प्रक्रिया 9 जनवरी से 15 जनवरी के बीच होने वाली है, जिसमें किसी भी कमोडिटी का वेटेज 15 फीसदी से ज्यादा नहीं हो सकता।
वहीं, सोसाइटी जेनरल (Societe Generale) का अनुमान है कि इस री-बैलेंसिंग के चलते सिल्वर में लगभग 5 अरब डॉलर की नेट सेलिंग हो सकती है। TD सिक्योरिटीज ने भी चेतावनी दी है कि कॉमेक्स सिल्वर में ओपन इंटरेस्ट का करीब 13 फीसदी हिस्सा इस प्रक्रिया के तहत बिक सकता है। इन अनुमानों ने सिल्वर से जुड़े शेयरों में निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।
नाल्को (NALCO) और जिदंल स्टील एंड पावर लिमिटेड (JSPL) भी निफ्टी मेटल इंडेक्स के टॉप लूजर्स में शामिल रहे। दोनों ही शेयरों में करीब 4 फीसदी की गिरावट देखी गई। हालिया तेजी के बाद निवेशकों ने इन शेयरों में भी मुनाफा वसूल करना शुरू किया है।
दूसरी ओर, हिंदुस्तान कॉपर के शेयरों में भी लगातार दूसरे दिन गिरावट देखने को मिली। बुधवार को इस शेयर में चार दिन की तेजी का सिलसिसा थम गया था। दिसंबर महीने में इस स्टॉक में करीब 58 फीसदी की उछाल आई थी, जिसके चलते यह 15 साल के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया था।
इस बीच, मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि मौजूदा गिरावट के बावजूद कुछ मेटल शेयरों में लंबी अवधि का पोटेंशियल अब भी बना हुआ है। मार्केट एक्सपर्ट अंबरीश बालिगा ने 5 जनवरी को CNBC-TV18 को बताया, “अगर आप हिंदुस्तान कॉपर और हिंदुस्तान जिंक की बात कर रहे हैं, तो इनमें अधिकतर तेदी आ चुकी है। हम कुछ और तेजी देख सकते हैं क्योंकि मोमेंटम है। लेकिन इन्वेस्टमेंट के नजरिए से, मैं अभी भी फेरस और एल्युमीनियम का सुझाव दूंगा। इसलिए टाटा स्टील या JSW स्टील, NALCO और हिंडाल्को पर ध्यान देना चाहिए क्योंकि हालांकि हमने पिछले एक साल में अच्छी बढ़त देखी है और 2026 में भी इस तेजी के जारी रहने की पूरी संभावना है। असल में, टाटा स्टील के लिए, मेरा टारगेट प्राइस 250 रुपय से ज्यादा है।”
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।