
सरकारी कंपनी मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स के शेयर में 6 मार्च को लगातार दूसरे दिन तेजी दिखी। बीएसई पर शेयर पिछले बंद भाव से लगभग 9 प्रतिशत तक चढ़कर 2559 रुपये के हाई तक गया। दो दिन में शेयर 17 प्रतिशत तक उछल गया है। शेयर में छाई तेजी की वजह एक खबर है, जिसके मुताबिक भारतीय नौसेना लगभग 99,000 करोड़ रुपये के सौदे को फाइनल कर सकती है। इसके तहत जर्मन कंपनी थिसेनक्रुप मरीन सिस्टम्स से 6 पनडुब्बियां खरीदी जाएंगी। इनका निर्माण मुंबई में मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स द्वारा किए जाने की संभावना है।
इस खबर पर क्लैरिफिकेशन देते हुए कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स की सरकार के साथ CNC बातचीत पूरी हो गई है। प्रपोजल को कॉम्पिटेंट अथॉरिटी के पास मंजूरी के लिए भेजा गया है।
कंपनी का मार्केट कैप 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। शेयर की फेस वैल्यू 5 रुपये है। कंपनी में दिसंबर 2025 के आखिर तक सरकार के पास 81.22 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर दो साल में 140 प्रतिशत चढ़ा है। शेयर का बीएसई पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 3778 रुपये और एडजस्टेड लो 2130 रुपये है।
दिसंबर तिमाही के आखिर में मझगांव डॉक की ऑर्डर बुक 23758 करोड़ रुपये की थी। पूरे वित्त वर्ष 2026 के लिए कंपनी को उम्मीद है कि उसका रेवेन्यू पिछले साल के मुकाबले 9 प्रतिशत बढ़कर 12500 करोड़ रुपये हो जाएगा। मौजूदा वित्त वर्ष के साथ-साथ अगले वित्त वर्ष में भी मार्जिन 15 प्रतिशत के आसपास रहने की उम्मीद है।
कंपनी की वित्तीय सेहत
मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 3,601.09 करोड़ रुपये रहा। इस बीच शुद्ध मुनाफा 837.13 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। दिसंबर तिमाही के नतीजों के साथ कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 7.50 रुपये प्रति शेयर के दूसरे अंतरिम डिविडेंड की भी घोषणा की थी। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 13 फरवरी 2026 थी। कंपनी ने कहा था कि इस डिविडेंड का पेमेंट 7 मार्च को या उससे पहले कर दिया जाएगा। इससे पहले कंपनी वित्त वर्ष 2026 के लिए 6 रुपये का पहला अंतरिम डिविडेंड दे चुकी है। वित्त वर्ष 2025 में मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 11,431.88 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 2,324.88 करोड़ रुपये रहा।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।