
Manappuram Finance Share Price: दिग्गज गोल्ड लोन फाइनेंस कंपनी मणप्पुरम फाइनेंस के शेयरों में एक कारोबारी दिन बिकवाली का भारी दबाव दिखा था। वैसे तो 500% अमेरिकी टैरिफ के डर से ओवरऑल मार्केट सेंटिमेंट ही बिकवाली का था लेकिन मणप्पुरम फाइनेंस के शेयरों पर एक मीडिया रिपोर्ट ने तगड़ी स्ट्राइक की और यह 10% टूट गया। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि बेन कैपिटल से जुड़ी एंटिटीज और मणप्पुरम फाइनेंस के बीच के प्रस्तावित सौदे को केंद्रीय बैंक RBI से मंजूरी नहीं मिली तो शुक्रवार को बीएसई पर यह 9.99% टूटकर ₹278.45 तक आ गया था। निचले स्तर पर हल्की रिकवरी के साथ दिन के आखिरी में यह 7.81% की गिरावट के साथ ₹285.20 पर बंद हुआ था।
क्या है पूरा मामला?
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि आरबीआई ने मणप्पुरम फाइनेंस में बैन कैपिटल के कंट्रोलिंग हिस्सेदारी लेने की योजना पर आपत्ति जताई है। हालांकि मणप्पुरम फाइनेंस ने इसे तथ्यात्मक रूप से गलत और स्पेक्युलेटिव कहा। कंपनी ने यह सफाई एक्सचेंजों को भेजी है, जिन्होंने कंपनी ने इस मामले में जवाब मांगा था। मणप्पुरम फाइनेंस का कहना है कि BC Asia Investments XIV और BC Asia Investments XXV के प्रस्तावित निवेश और ज्वाइंट कंट्रोल के अधिग्रहण के साथ-साथ कंपनी और आशीर्वाद माइक्रो फाइनेंस और मणप्पुरम होम फाइनेंस जैसी इसकी सब्सिडरीज से जुड़े खुलासे नियमित तौर पर कर रही है
कंपनी का कहना है कि इसे मणप्पुरम फाइनेंस के साथ-साथ आशीर्वाद माइक्रो फाइनेंस और मणप्पुरम होम फाइनेंस के मैनेजमेटं में बदलाव की पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। कंपनी ने कहा कि अपने बारे में वह 17 सितंबर 2025 को और सब्सिडरीज को मिली इस मंजूरी के बारे में 27 अगस्त 2025 को एक्सचेंज फाइलिंग में बताया था। अब बेन कैपिटल के साथ प्रस्तावित सौदे को लेकर बात करें तो मणप्पुरम फाइनेंस का कहना है कि इस पर आरबीआई से निर्णायक मंजूरी का अभी इंतजार किया जा रहा है।
एक साल में कैसी रही Manappuram Finance की चाल?
मणप्पुरम फाइनेंस के शेयर पिछले साल 14 फरवरी 2025 को ₹169.10 पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से यह 11 ही महीने में 89.80% उछलकर 7 जनवरी 2026 को ₹320.95 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। अब आगे की बात करें तो इंडमनी पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक इसे कवर करने वाले 14 एनालिस्ट्स में से 3 ने इसे खरीदारी, 8 ने होल्ड और 3 ने सेल रेटिंग दी है। इसका हाइएस्ट टारगेट प्राइस ₹330 और लोएस्ट टारगेट प्राइस ₹190 है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।