
सरकार के सिगरेट पर एक्साइज ड्यूटी लगाने के फैसले से बीते दो दिनों में आईटीसी के शेयरों में तेज गिरावट आई है। इससे आईटीसी के शेयरों के निवेशकों को बड़ा झटका लगा है। इसमें देश की सबसे बड़ी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी एलआईसी भी शामिल है। आईटीसी का शेयर 2 जनवरी को एक समय 5 फीसदी गिरकर 345.25 रुपये पर आ गया, जो 52 हफ्ते में इसका सबसे कम प्राइस है।
नए साल की शुरुआत ITC के लिए अच्छी नहीं रही। 2026 के पहले दो दिनों में आईटीसी का शेयर 14 फीसदी से ज्यादा गिरा है। आईटीसी के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, FY26 की जुलाई-सितंबर तिमाही में इसकी 100 फीसदी हिस्सेदारी पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास थी। कंपनी में किसी प्रमोटर या प्रमोटर ग्रुप की कोई हिस्सेदारी नहीं थी।
आईटीसी में LIC की 15.86 फीसदी हिस्सेदारी थी। जनरल इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (GIC) की आईटीसी में 1.73 फीसदी हिस्सेदारी थी। न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी की आईटीसी में 1.4 फीसदी हिस्सेदारी थी। बीते दो दिन में आईटीसी के शेयरों में आई बड़ी गिरावट से सबसे ज्यादा एलआईसी को हुआ है। इसे 11,468 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है।
31 दिसंबर, 2025 को आईटीसी में एलआईसी की हिस्सेदारी की वैल्यू 80,028 करोड़ रुपये थी, जो अब घटकर 68,560 करोड़ रुपये रह गई है। जनरल इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (जीआईसी) को 1,254 करोड़ रुपये का लॉस हुआ है। न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी को 1,018 करोड़ रुपये का लॉस हुआ है। इस तरह से सरकार की तीन इंश्योरेंस कंपनियों को कुल मिलाकर 13,740 करोड़ रुपये का लॉस हुआ है।
यह ध्यान में रखना जरूरी है कि तीन कंपनियों को हुआ यह लॉस नोशनल है। उन्हें रियल लॉस तब होगा, जब 52 हफ्ते के लो लेवल पर वे आईटीसी के शेयरों को बेचेंगी। 2 जनवरी को 5 फीसदी तक गिरने के बाद आईटीसी के शेयरों में थोड़ी रिकवरी देखने को मिली। यह कारोबार के अंत में करीब 4 फीसदी गिरकर 350.10 रुपये पर बंद हुआ। बीते पांच दिनों में यह यह स्टॉक 13 फीसदी गिरा है।
सरकार के सिगरेट पर एक्साइज ड्यूटी लगाने के बाद आईटीसी के शेयरों में बिकवाली देखने को मिली। इससे सिर्फ दो दिन में कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन 72,000 करोड़ रुपये घट गया। अभी कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन 4,38,639 करोड़ रुपये है। आईटीसी के शेयर में 22.59 के पी/ई रेशियो पर ट्रेडिंग हो रही है। एलआईसी का शेयर 2 जनवरी को करीब 1 फीसदी चढ़कर 861 रुपये पर बंद हुआ।