Lemon Tree Hotels में ₹960 करोड़ के निवेश की तैयारी, एक सब्सिडरी को अलग कर लिस्ट करने की भी है योजना – lemon tree hotels announces reorganisation warburg pincus to invest rupees 960 cr in fleur hotels share price may move fast



Lemon Tree Hotels Shares: होटल चेन चलाने वाली लेमन ट्री होटल्स ने अपने कारोबार के रीऑर्गेनाइजेशन और अपनी सब्सिडरी Fleur Hotels में वैश्विक प्राइवेट इक्विटी फर्म वारबर्ग पिनकस (Warburg Pincus) के निवेश को मंजूरी दी है। कंपनी ने 9 जनवरी को रेगुलेटरी फाइलिंग में इसकी जानकारी दी। अब जब स्टॉक मार्केट खुलेगा तो लेमन ट्री होटल्स की इस मंजूरी का असर इसके शेयरों पर दिख सकता है। अभी की बात करें तो इस हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार 09 जनवरी 2026 को बीएसई पर 0.73% की गिरावट के साथ ₹149.70 पर बंद हुआ था। एक कारोबारी दिन पहले मार्केट में हाहाकार मचा हुआ था क्योंकि रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर 500% तक टैरिफ लगाने वाले एक नए प्रतिबंध विधेयक को अमेरिका में मंजूरी ने निवेशकों के बीच घबराहट बढ़ा दी और हाहाकार मच गया।

Lemon Tree Hotels का क्या है पूरा प्लान?

लेमन ट्री होटल्स के बोर्ड ने अपनी सब्सिडरी Fleur Hotels में वैश्विक प्राइवेट इक्विटी फर्म वारबर्ग पिनकस की निवेश योजना को मंजूरी दी। इस योजना के तहत वारबर्ग पिनकस Fleur Hotels में एपीजी की पूरी 41.09% हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी। वारबर्ग पिनकस इसमें ₹960 करोड़ का निवेश अपनी सहयोगी कंपनी कोस्टल सेडार इंवेस्टमेंट्स बीवी (Coastal Cedar Investments BV) के जरिए करेगी। इस लेन-देन के बाद लेमन ट्री होटल्स की सब्सिडरी Fleur Hotels भारतीय स्टॉक मार्केट पर अलग कंपनी के तौर पर लिस्ट होगी। लिस्टिंग का पूरा प्रोसेस 12-15 महीने के भीतर पूरा होने की उम्मीद है।

रीस्ट्रक्चरिंग के बाद लेमन ट्री होटल्स पूरी तरह से प्योर-प्ले, एसेट-लाइट होटल मैनेजमेंट और ब्रांड प्लेटफॉर्म में बदल जाएगी जबकि Fleur Hotels ग्रुप की होटल ओनरशिप और डेवलपमेंट कंपनी बनेगी। लेमन ट्री के स्वामित्व वाली सभी मौजूदा होटल एसेट्स फ्लेयर को ट्रांसफर कर दी जाएंगी, और आगे भी होटल अधिग्रहण और डेवलपमेंट की जिम्मेदारी भी इसी की होगी। प्रस्ताव के तहत रिकॉर्ड डेट पर लेमन ट्री होटल्स के शेयरहोल्डर्स की फ्लेयर होटल्स में 32.96% हिस्सेदारी होगी। लेमन ट्री के पास 41.03% और वारबर्ग पिनकस के पास बाकी 26.01% हिस्सेदारी रहेगी। हालांकि ये आंकड़ें वारबर्ग पिनकस के प्राइमरी निवेश के चलते किसी बदलाव के चलते बदल भी सकते हैं।

इस योजना के तहत लेमन ट्री की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनियां कार्नेशन होटल्स और हैमस्टेड लिविंग को पैरेंट कंपनी में मिला दिया जाएगा। वहीं बाकी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनियां- ओरियोल डॉ फ्रेश, सुखसागर कॉम्प्लेक्स, मनाकिन रिसॉर्ट्स और कैनरी होटल्स को फ्लेयर होटल्स में मिला दिया जाएगा, जिसके बदले लेमन ट्री को फ्लेयर के शेयर जारी किए जाएंगे। शिमला के अंडर-कंस्ट्रक्शन होटल को मिलाकर 12 होटल फ्लेयर को मिलेंगे। फ्लेयर के तहत सभी होटल लेमन ट्री के साथ नए होटल ऑपरेटिंग एग्रीमेंट के तहत 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी हो जाएंगे।

रीऑर्गेनाइजेशन के बाद फ्लेयर के पोर्टफोलियो में 3993 कमरों के 24 ऑपरेटिंग होटल्स से 5813 कमरों के 41 होटल्स हो जाएंगे। लेमन ट्री होटल्स अपने एसेट-लाइट मॉडल के तहत इन होटलों को ऑपरेट और मैनेज करने का काम जारी रखेगी, साथ ही भारत और विदेशों में अपनी थर्ड पार्टी के स्वामित्व वाले पोर्टफोलियो के मैनेजमेंट और फ्रेंचाइजिंग का काम भी करेगी। हालांकि अभी इस कंपोजिट स्कीम पर शेयरहोल्डर्स, रेगुलेटर्स और एनसीएलटी की मंजूरी लेनी होगी।

एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?

लेमन ट्री होटल्स के शेयर पिछले साल 7 अप्रैल 2025 को ₹110.55 पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से यह दस महीने में 63.36% उछलकर 8 नवंबर 2025 को ₹180.60 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड हाई लेवल है। अब आगे की बात करें तो इंडमनी पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक इसे कवर करने वाले 20 एनालिस्ट्स में से 18 ने इसे खरीदारी, 1 ने होल्ड और 1 ने सेल रेटिंग दी है। इसका हाइएस्ट टारगेट प्राइस ₹210 और लोएस्ट टारगेट प्राइस ₹145 है।

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।



Source link

Scroll to Top