
JSW Infra Share Price: घरेलू स्टॉक मार्केट में आज बिकवाली का काफी दबाव है। सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) औंधे मुंह गिरे पड़े हैं। हालांकि वहीं दूसरी तरफ जेएसडब्ल्यू इंफ्रा के शेयर आज रॉकेट की स्पीड से उछल पड़े और यह स्थिति तो तब है, जब कंपनी ने नियर टर्म गाइडेंस में कटौती कर दी है। इसके शेयरों को कंपनी के तीन साल के पॉजिटिव आउटलुक से सपोर्ट मिला जिसे ब्रोकरेज फर्मों के पॉजिटिव कमेंट्री ने और मजबूत किया। फिलहाल बीएसई पर यह 7.03% की बढ़त के साथ ₹275.75 पर है। इंट्रा-डे में यह 7.43% के उछाल के साथ ₹276.80 तक पहुंच गया था। आगे की बात करें तो इसे कवर करने वाले ओवरऑल 17 एनालिस्ट्स में से 15 ने खरीदारी, एक ने होल्ड और एक ने सेल रेटिंग दी है। इसका हाइएस्ट टारगेट प्राइस ₹400 है जो जेएम फाइनेंशियल और आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने फिक्स किया है।
JSW Infra का अब क्या है आउटलुक?
जेएसडब्ल्यू इंफ्रा ने पूरे साल के वॉल्यूम ग्रोथ के गाइडेंस को घटा दिया है। कंपनी का मानना है कि वित्त वर्ष 2026 में इसकी वॉल्यूम ग्रोथ 5-6% रह सकती है, जबकि पहले यह अनुमान 8-10.5% था। इसकी वॉल्यूम ग्रोथ को पारादीप आयरन ओर और कोल टर्मिनल्स में कम वॉल्यूम के चलते झटका लगा है। हालांकि अगले तीन साल के लिए कंपनी काफी पॉजिटिव दिख रही है। वित्त वर्ष 2025 से वित्त वर्ष 2030 के बीच कंपनी की योजना ₹9 हजार करोड़ के कैपिटल एक्सपेंडिचर की है।
वहीं रेवेन्यू के मोर्चे पर कंपनी का अनुमान वित्त वर्ष 2026 में ₹5400 करोड़, वित्त वर्ष 2027 में ₹7020 करोड़ और वित्त वर्ष 2028 में ₹11650 करोड़ का है। साथ ही वित्त वर्ष 2026 में कंपनी को ₹2600 करोड़, वित्त वर्ष 2027 में ₹3000 करोड़ और वित्त वर्ष 2028 में ₹5 हजार करोड़ के ऑपरेटिंग प्रॉफिट का अनुमान है। नियर टर्म में वॉल्यूम ग्रोथ में कटौती के अनुमान के बावजूद जेएसडब्ल्यू इंफ्रा को इस वित्त वर्ष में वॉल्यूम कैपेसिटी 177 MTPA से बढ़कर वित्त वर्ष 2028 में 299 MTPA तक पहुंचने का अनुमान है।
क्या कहना है ब्रोकरेजेज का?
वैश्विक ब्रोकरेज पर्म जेफरीज ने जेएसडब्ल्यू इंफ्रा की खरीदारी की रेटिंग को बरकरार रखा है। हालांकि टारगेट प्राइस को ₹355 से बढ़ाकर ₹360 कर दिया है। ब्रोकरेज फर्म को उम्मीद है कि हाई ग्रोथ के चलते इसका वैल्यूएशन प्रीमियम लेवल पर बना रहेगा। एक और ब्रोकरेज फर्म जेएम फाइनेंशियल ने जेएसडब्ल्यू इंफ्रा की खरीदारी की रेटिंग को बरकरार रखा है और टारगेट प्राइस ₹400 पर फिक्स किया है। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि कम लेवरेज के चलते कंपनी के पास कैपिटल एक्सपेंडिचर के लिए पर्याप्त गुंजाइश है और प्राइमरी फंड रेज के बावजूद कैपेक्स की अतिरिक्त फंडिंग के लिए सपोर्ट मिल सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।