
Hindustan Zinc Shares: चांदी की कीमतों में रिकॉर्डतोड़ तेजी से हिंदुस्तान जिंक (Hindustan Zinc) के शेयरों में भी बुधवार 14 जनवरी को उछाल देखने को मिली। कंपनी के शेयर शुरुआती कारोबार में करीब 3% तक चढ़कर 647.70 रुपये तक पहुंच गए। यह शेयर में लगातार चौथा दिन बै, जब कंपनी के शेयर हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। चांदी के दामों में उछाल के साथ सिल्वर आधारित एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स (ETFs) भी 3% से 5% तक उछलकर रिकॉर्ड स्तरों पर पहुंच गए।
MCX पर चांदी ने बनाया नया ऑल-टाइम हाई
भारत के कमोडिटी बाजार में चांदी की कीमतों ने नया इतिहास रच दिया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया (MCX) पर चांदी के मार्च फ्यूचर्स करीब 3% चढ़कर ₹2,82,750 प्रति किलोग्राम के नए ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गए। मई एक्सपायरी के सिल्वर फ्यूचर्स लगभग 3% की तेजी के साथ ₹2,88,735 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गए। वही जुलाई एक्सपायरी के कॉन्ट्रैक्ट्स ने भी करीब 3% की छलांग लगाकर ₹2,95,200 प्रति किलोग्राम का नया रिकॉर्ड बनाया।
चांदी में आई इस जबरदस्त तेजी के पीछे अमेरिकी महंगाई के नरम आंकड़े बड़ी वजह बने। दिसंबर में अमेरिका का कोर कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) मंथली आधार पर 0.2% और सालाना आधार पर 2.6% रहा, जो बाजार के अनुमान से कम था। इससे यह उम्मीदें मजबूत हुई अमेरिकी फेडरल रिजर्वआगे भी ब्याज दरों में कटौती को जारी रख सकता था।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कम महंगाई का जिक्र करते हुए दरों में कटौती की संभावना की ओर इशारा किया। मार्केट एनालिस्ट्स के मुताबिक, कमजोर डॉलर, ब्याज दरों में संभावित कटौती और ग्लोबल भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं ने कीमती धातुओं की सुरक्षित निवेश मांग को और मजबूत किया है।
कोटक सिक्योरिटीज की कमोडिटी रिसर्च प्रमुख कायनात चैनवाला के अनुसार, सोना-चांदी अनुपात का 54 के आसपास आना भी संकेत देता है कि चांदी लंबी अवधि में सोने से बेहतर प्रदर्शन कर सकती है।
Hindustan Zinc को मिला सीधा फायदा
हिंदुस्तान जिंक, चांदी का उत्पादन करने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी है। ऐसे में चांदी की कीमतों में उछाल का हिंदुस्तान जिंक के शेयरों पर सीधा असर पड़ता है। पिछले पांच कारोबारी दिनों में कंपनी के शेयर करीब 7% तक चढ़ चुके हैं। जबकि एक महीने में इसमें 13% से ज्यादा की तेजी आई है।
बीते छह महीनों में हिंदुस्तान जिंक के शेयरों में लगभग 48% की उछाल दर्ज की गई है। फिलहाल कंपनी का पी/ई रेशियो 25.19 है और इसका मार्केट कैप करीब ₹2.72 लाख करोड़ के आसपास बना हुआ है।
सिल्वर ETFs भी रिकॉर्ड स्तरों पर
चांदी की कीमतों में आई तेजी का असर सिल्वर ETFs में भी साफ दिखा। Groww Silver ETF करीब 5% उछलकर नए रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। DSP Silver ETF, Tata Silver ETF, Nippon India Silver ETF (SilverBees), Zerodha Silver ETF और Edelweiss Silver ETF में 4% से अधिक की तेजी देखी गई।
इसके अलावा UTI Silver ETF, SBI Silver ETF, HDFC Silver ETF, ICICI Prudential Silver ETF, Mirae Asset Silver ETF, Aditya Birla Silver ETF, Motilal Oswal Silver ETF, 360 ONE Silver ETF और Kotak Silver ETF भी करीब 4% तक चढ़े, जबकि Axis Silver ETF में 3% से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।