
Eternal block deal: जोमैटो और ब्लिंकिट की पैरेंट कंपनी Eternal में सोमवार, 8 दिसंबर को एक बड़ी ब्लॉक डील होने वाली है। इसमें जिसमें एक इंस्टीट्यूशनल इंवेस्टर अपनी 0.5% तक हिस्सेदारी बेच सकता है। यह जानकारी CNBC-TV18 ने सूत्रों के हवाले से दी है।
इस डील का साइज लगभग ₹1,500 करोड़ तक रहने का अनुमान है। प्रति शेयर फ्लोर प्राइस ₹289.5 तय किया गया है। यह मौजूदा मार्केट प्राइस से 0.77% के डिस्काउंट पर है।
पिछले महीनों में भी हुए बड़े ब्लॉक डील
Eternal में नवंबर के मध्य में स्टॉक में दो बड़ी ब्लॉक डील हुई थी। इसमें करीब 90 लाख शेयरों की खरीद-बिक्री हुई थी, जिसकी कुल वैल्यू ₹279.25 करोड़ रही।
जून के मध्य में भी लगभग 60.93 लाख शेयर (कुल इक्विटी का 0.06%) बदले गए थे। उस समय ट्रांजैक्शन औसत कीमत ₹256 प्रति शेयर रही और कुल डील वैल्यू लगभग ₹156 करोड़ बनी।
Eternal के सितंबर तिमाही नतीजे
Eternal का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट सितंबर तिमाही (Q2 FY26) में 63.07% गिरकर ₹65 करोड़ रह गया। हालांकि, रेवेन्यू 183% से ज्यादा बढ़कर ₹13,590 करोड़ पर पहुंच गया। यह बढ़त मुख्य रूप से क्विक कॉमर्स बिजनेस की वजह से आई।
Eternal के शेयर का हाल
शुक्रवार को NSE पर Eternal के शेयर 1.35% गिरकर ₹291.75 पर बंद हुए। पिछले एक साल में स्टॉक लगभग 1% कमजोर हुआ है। हालांकि, पिछले 6 महीने में इसने 13.59% का रिटर्न दिया है। इस साल यानी 2025 में भी स्टॉक 5.52% बढ़ा है। इसका मार्केट कैप 2.65 लाख करोड़ रुपये है।
Eternal का बिजनेस क्या है
Eternal एक भारतीय टेक कंपनी है, जो कई लोकप्रिय ऑनलाइन प्लेटफॉर्म चलाती है। यह Zomato के जरिए फूड डिलीवरी करती है। Blinkit के जरिए 10-20 मिनट में ग्रॉसरी और जरूरी सामान पहुंचाती है। Hyperpure के जरिए रेस्टोरेंट्स को रोजाना ताजी सप्लाई उपलब्ध कराती है। District के जरिए लॉजिस्टिक्स व दूसरी टेक सर्विसेज देती है।
इसका बिजनेस पूरे कंज्यूमर इंटरनेट सेक्टर पर आधारित है। जहां बड़ी संख्या में ऑर्डर, कम मार्जिन और तेज़ी से स्केल होने वाला मॉडल कंपनी की कमाई का मुख्य आधार है।